UP News: सीएम योगी का बड़ा फैसला, मिलावटखोरों की तस्वीरें चौराहों पर लगाने के दिए आदेश

UP News: सीएम योगी का बड़ा फैसला, मिलावटखोरों की तस्वीरें चौराहों पर लगाने के दिए आदेश
अंतिम अपडेट: 14-05-2025

सीएम योगी ने एफएसडीए बैठक में निर्देश दिए कि तेल, घी, मसाले, दूध, पनीर जैसी चीजों की जांच उत्पादक इकाई पर हो। मिलावटखोरों व नकली दवा बेचने वालों की तस्वीरें चौराहों पर लगाई जाएं।

UP News: उत्तर प्रदेश में अब मिलावटखोरों और नकली दवाओं का धंधा करने वालों के लिए बचना मुश्किल हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि जो भी आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करेगा, उसे सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया जाएगा। उनकी तस्वीरें प्रदेश के हर बड़े चौराहे पर लगाई जाएंगी, ताकि लोग उन्हें पहचानें और समाज में उनके खिलाफ सख्त संदेश जाए।

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं: योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की उच्चस्तरीय बैठक में निर्देश दिए कि तेल, घी, मसाले, दूध, पनीर जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं की जांच उत्पादक इकाई पर ही की जाए। उन्होंने कहा, “मिलावटखोरी और नकली दवाओं का कारोबार समाज के खिलाफ अपराध है। यह सीधे-सीधे लोगों की सेहत से जुड़ा मामला है, जिससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

नकली दवाओं और मिलावटखोरी के धंधे पर सीधा वार

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि मिलावटखोरों और नकली दवा कारोबारियों की पहचान कर उनका नेटवर्क तोड़ा जाए। साथ ही उनकी तस्वीरें चौराहों पर लगाने का निर्देश भी दिया गया, ताकि समाज में उनके खिलाफ नकारात्मक संदेश पहुंचे। इससे लोग जागरूक होंगे और अपराधियों की पहचान भी खुलेआम होगी।

दुग्ध उत्पादों पर खास नजर, जांच टीम बनेगी

मुख्यमंत्री ने दूध और उससे बने उत्पादों की सघन जांच के लिए विशेष टीमें बनाने को कहा है। ये टीमें बाजार और उत्पादन इकाइयों पर नियमित जांच करेंगी। योगी ने स्पष्ट किया कि आम जनता का स्वास्थ्य ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है और इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

औषधि और खाद्य प्रयोगशालाओं का तेजी से विस्तार

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में खाद्य एवं औषधि प्रयोगशालाओं का नेटवर्क तेजी से बढ़ाया गया है। लखनऊ, गोरखपुर, झांसी, मेरठ, वाराणसी सहित कई जगहों पर नई प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इससे तेजी से खाद्य और दवा जांच संभव हो पाएगी। मुख्यमंत्री ने इन प्रयोगशालाओं के रखरखाव के लिए 'कॉर्पस फंड' बनाने का भी सुझाव दिया।

पुलिस-प्रशासन के साथ तालमेल से कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नकली दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाया जाए। प्रवर्तन कार्यवाहियों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। योगी ने कहा कि हर कार्रवाई निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से होनी चाहिए।

सुधरेगी शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया

जनता की भागीदारी को मजबूत करने के लिए 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' मोबाइल ऐप और टोल फ्री नंबर 1800-180-5533 उपलब्ध कराए गए हैं। योगी ने कहा कि शिकायत का निस्तारण तभी मान्य माना जाएगा जब शिकायतकर्ता संतुष्ट होगा।

एफएसडीए की बढ़ेगी क्षमता

मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी गई कि पिछले तीन वर्षों में 1,470 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिला है। योगी ने एफएसडीए की संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने और रिक्त पदों पर जल्द भर्ती के निर्देश दिए।

Leave a comment