लखनऊ में प्रेस वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने महंगाई, टैक्स, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक विफलताओं पर सवाल उठाए और पार्टी में कई नए सदस्य शामिल होने की घोषणा की।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश की मौजूदा बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने महंगाई, टैक्स, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक विफलताओं पर केंद्र और राज्य सरकार को निशाना बनाया। प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इनमें पूर्व डीआईजी राम शरद राम भी शामिल थे, जिनका पार्टी ने स्वागत किया। अखिलेश यादव ने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी और मजबूत होगी और जनता का भरोसा बढ़ रहा है।
महंगाई और टैक्स को लेकर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार टैक्स लगातार लगा रही है। उन्होंने कहा कि आज ही LPG की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा, “कुछ परिस्थितियों की वजह से महंगाई करनी पड़ रही है, बाद में कम करेंगे, लेकिन एक बार जो चीज महंगी हो गई वह कम नहीं होती।” उनके अनुसार गाड़ियों की कीमतों में भारी टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा, “हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई तभी हटेगी महंगाई।” उन्होंने महंगाई और टैक्स को बीजेपी सरकार की नाकामी बताया और कहा कि जनता अब परेशान हो चुकी है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
अखिलेश यादव ने पुलिस और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कानपुर से प्राप्त खबरों में पुलिस की कॉल डिटेल से पता चला कि अपराधियों को वही जानकारी दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि गांजे की तस्करी में पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही और अधिकारियों की कॉल डिटेल निकल गई, लेकिन अपराधियों की नहीं। उनका कहना था कि इतने बड़े स्तर पर गांजे की तस्करी होती रही, लेकिन यह पता नहीं चला कि आखिर यह कहां जाता है।
बीजेपी के गाने को लेकर FIR का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक नया गाना लॉन्च किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस पर FIR दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा, “हमें समझ आ जाएगा कि पकड़े नहीं जाएंगे और नहीं पकड़े गए तो समझ लीजिए कि बीजेपी के लोग हैं।”
सपा सरकार के कार्यों का जिक्र
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे बनाए गए, छात्रों को लैपटॉप वितरित किए गए, रिवरफ्रंट का निर्माण हुआ और कई थर्मल प्लांट लगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने यूपी में कोई थर्मल प्लांट नहीं लगाया।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने लोकभवन, कैंसर इंस्टीट्यूट, बड़ी यूनिवर्सिटी, डायल 100, एंबुलेंस व्यवस्था और रिवरफ्रंट जैसे कई बड़े काम किए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की योजनाओं ने प्रदेश में विकास और जनता की सुविधा को बढ़ावा दिया।
शिवपाल यादव का हमला
प्रेस वार्ता में शिवपाल यादव ने भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है और हर स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट, मजदूर और आम जनता को लूटा जा रहा है और यूपी के बजट में भी भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नौ साल में गड्ढों के नाम पर भारी राशि खर्च की गई लेकिन सड़कों के गड्ढे भरे नहीं गए।
वोट कटवाने का आरोप
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने आवाज नहीं उठाई होती तो कई जगह वोट कटवाने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सरोजनीनगर में एक ही व्यक्ति के दस्तखत से कई वोट काटे जा रहे थे। उनका आरोप था कि बीजेपी चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाल रही है और चुनाव आयोग को भी इस पर ध्यान देना चाहिए।
रूस और वैश्विक मुद्दों पर टिप्पणी
अखिलेश यादव ने ईरान-इजराइल युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित भारत लाने की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने कहा, “रूस भारत का पुराना मित्र है और अगर रूस से सस्ता तेल मिलता है तो भारत को और ज्यादा तेल खरीदना चाहिए। इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।”
बिहार की राजनीति पर भी राय
अखिलेश यादव ने बिहार की राजनीति पर बोलते हुए कहा कि पहले चर्चा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बन सकते हैं, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य को नया हेलीकॉप्टर मिलने की बात भी की। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में 13 साल के बच्चे की गोली लगने से हुई मौत का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उस परिवार की मदद करेगी।
धर्म से जुड़ी टिप्पणी
अखिलेश यादव ने शंकराचार्य और सनातन धर्म के प्रति बढ़ रहे बदनाम करने के प्रयासों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “शंकराचार्य एक विचार हैं। हम चाहते हैं कि गाय की सेवा हो, लेकिन जिस तरह उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे सनातन धर्म भी बदनाम हो रहा है।”
PDA सरकार का दावा
अखिलेश यादव ने बताया कि आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि समाज के शोषित और पीड़ित वर्गों को जोड़कर समाजवादी पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प बनेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि सभी मिलकर सरकार को हटाने और राहत दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।










