बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की तबीयत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनके बेटे तारिक रहमान लंदन से जल्द देश लौटेंगे। अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया।
Dhaka: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की 80 वर्षीय अध्यक्ष खालिदा जिया की तबीयत गंभीर हो गई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस बीच उनकी बीमारी के कारण उनके बेटे और बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान जल्द ही लंदन से बांग्लादेश लौट सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने इस जानकारी की पुष्टि की।
तारिक रहमान की वापसी
तारिक रहमान लंदन में एक दशक से अधिक समय से स्व-निर्वासन में रह रहे हैं। बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि रहमान बहुत जल्द देश लौटेंगे। ‘द डेली स्टार’ के अनुसार यह जानकारी बीएनपी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था की बैठक के बाद मिली, जिसमें मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनाव अभियान की रणनीतियों पर चर्चा हुई।
बीएनपी नेताओं के अनुसार, 2008 से लंदन में रह रहे तारिक रहमान नया बांग्लादेशी पासपोर्ट जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। वह अंतरिम सरकार द्वारा दिए गए एक बार के लिए यात्रा पास का उपयोग नहीं करना चाहते। चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने बताया कि रहमान इस समय बांग्लादेश में मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं, लेकिन चुनाव आयोग की अनुमति मिलने पर वह पंजीकरण करा सकते हैं।

अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई गई
जिया का इलाज ढाका के एवरकेयर अस्पताल में किया जा रहा है। अस्पताल के इर्द-गिर्द सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार देर रात अस्पताल के मुख्य द्वार पर अवरोधक लगाए और मरीजों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 24 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। मध्यरात्रि के बाद विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के चार सदस्य अस्पताल पहुंचे और उन्होंने लगभग तीन घंटे तक अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
अंतरिम सरकार ने जिया को ‘‘अति महत्वपूर्ण व्यक्ति’’ घोषित किया, जिससे उनकी सुरक्षा के लिए एसएसएफ की तैनाती संभव हुई। बीएनपी प्रमुख फिलहाल अस्पताल की चौथी मंज़िल के एक केबिन में हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण आसपास के केबिन खाली करवा दिए गए हैं।
जिया की स्वास्थ्य स्थिति
जिया को 23 नवंबर को हृदय और फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार दिन बाद स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने पर उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट में रखा गया। बीएनपी के उपाध्यक्ष एडवोकेट अहमद आजम खान ने बताया कि जिया की हालत गंभीर होने पर रविवार रात उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। उन्होंने कहा, ‘‘उनकी हालत बेहद नाज़ुक है। अब कुछ भी करने के लिए नहीं बचा है, बस पूरे देश से दुआ की अपील है।’’
बीएनपी के महासचिव मिर्ज़ा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी पुष्टि की कि जिया की स्थिति गंभीर है और उन्हें ढाका के अस्पताल में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।












