भारत के शुभांशु शुक्ला Axiom-04 मिशन के तहत अंतरिक्ष में जाएंगे। यह मिशन इसरो, नासा, स्पेसएक्स और Axiom स्पेस का संयुक्त प्रयास है। शुभांशु, 1984 के बाद अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय होंगे।
Axiom-04 Mission: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और इसरो के गगनयान मिशन का हिस्सा रहे शुभांशु शुक्ला अब अंतरिक्ष की ओर एक और कदम बढ़ा चुके हैं। 25 जून 2025 को फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से शुभांशु Axiom-04 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना होंगे। इस मिशन के साथ वे 1984 के बाद अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
Axiom-04 मिशन: एक अंतरराष्ट्रीय साझेदारी
Ax-04 मिशन इसरो, नासा, Axiom Space और SpaceX की साझेदारी में संचालित हो रहा है। इसमें चार अंतरिक्ष यात्रियों को ISS भेजा जा रहा है। शुभांशु शुक्ला के अलावा इस मिशन में मिशन कमांडर पैगी व्हिटसन, स्लावोश उजनांस्की-विस्निएवस्की और टिबोर कपु भी शामिल हैं। सभी वैज्ञानिक अंतरिक्ष स्टेशन पर वैज्ञानिक और तकनीकी प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।
शुभांशु शुक्ला: अनुभव और तैयारी
उत्तर प्रदेश के लखनऊ से ताल्लुक रखने वाले शुभांशु शुक्ला का जन्म 10 अक्टूबर 1985 को हुआ। उन्होंने जून 2006 में भारतीय वायुसेना जॉइन की और फाइटर पायलट के रूप में सेवा दी। उनके पास 2000 से अधिक घंटों का फ्लाइंग अनुभव है। उन्होंने सुखोई-30, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक और डॉर्नियर जैसे कई लड़ाकू विमान उड़ाए हैं।
2019 में शुभांशु ने रूस के यूरी गगारिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर से 1 साल का स्पेस ट्रेनिंग कोर्स पूरा किया। 27 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें गगनयान मिशन के लिए नामित किया था।
अंतिम समय पर मिला मिशन में शामिल होने का मौका
शुभांशु शुक्ला ने बताया कि उन्हें फ्लोरिडा आने से ठीक एक सप्ताह पहले ही पता चला कि वे Ax-04 मिशन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मिशन का लंबे समय से इंतजार था और जब उन्हें इसकी जानकारी मिली, तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह उनके लिए पहली बार था जब उन्हें अंतरिक्ष में जाने का मौका मिल रहा था।
देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनना चाहते हैं शुभांशु
मिशन में शामिल होने को लेकर शुभांशु बेहद उत्साहित हैं। उनका कहना है कि यह अनुभव बेहद खास है और वह इस मौके का उपयोग भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा बनने में करना चाहते हैं। शुभांशु ने कहा कि यदि उनकी कहानी किसी एक व्यक्ति की सोच बदलने में भी मदद कर सके, तो यही उनकी सबसे बड़ी सफलता होगी।
मिशन कमांडर ने की शुभांशु की तारीफ
Ax-04 मिशन की कमांडर पैगी व्हिटसन ने शुभांशु की प्रशंसा करते हुए कहा कि ड्रैगन कैप्सूल में उन्हें पायलट के रूप में पाकर गर्व होता है। शुभांशु तकनीकी और ऑपरेशनल क्षेत्र में बेहतरीन अनुभव रखते हैं और उनकी क्षमताएं मिशन के लिए बेहद उपयोगी होंगी।
लॉन्च और डेस्टिनेशन का शेड्यूल
Ax-04 मिशन का लॉन्च 25 जून 2025 को दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार) किया जाएगा। अमेरिकी समय के अनुसार यह लॉन्च 2:31 AM पर होगा। मिशन को SpaceX के फाल्कन 9 रॉकेट और ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा। अंतरिक्ष यात्री 26 जून की शाम 4:30 बजे तक ISS पर पहुंचेंगे।