एक्टर धनुष और ऐश्वर्या रजनीकांत का अप्रैल 2024 में तलाक हो गया था, जिससे उनका लंबा वैवाहिक रिश्ता आधिकारिक रूप से खत्म हो गया। हालांकि, तलाक के बावजूद दोनों अपने बच्चों की परवरिश को प्राथमिकता देते हुए कई बार साथ नजर आ चुके हैं।
एंटरटेनमेंट: साउथ सुपरस्टार धनुष और बॉलीवुड एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। वजह है एक वायरल वीडियो, जिसमें दोनों एक पार्टी में एक-दूसरे का हाथ थामे बातों में मशगूल नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने दोनों के बीच डेटिंग की अफवाहों को हवा दे दी है। धनुष का 2024 में ऐश्वर्या रजनीकांत से तलाक हो चुका है, जबकि मृणाल ठाकुर सिंगल हैं। दोनों को हाल के दिनों में कई मौकों पर साथ देखा गया है, जिससे इनकी नजदीकियों को लेकर फैंस और मीडिया में चर्चा तेज हो गई है।
हाल ही में मृणाल ठाकुर की बर्थडे पार्टी का एक इनसाइड वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धनुष मृणाल का हाथ थामे नजर आते हैं। दोनों के चेहरे पर मुस्कान है और बातचीत के दौरान उनकी बॉन्डिंग भी साफ नजर आती है। इस वीडियो को देखने के बाद फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि दोनों के बीच कुछ खास चल रहा है। हालांकि, अब तक ना धनुष और ना ही मृणाल ने इन अफवाहों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है।
पहले भी कई इवेंट्स में साथ दिखे
यह पहली बार नहीं है जब धनुष और मृणाल एक साथ नजर आए हों। 3 जुलाई 2025 को, मृणाल ठाकुर, धनुष की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ की पार्टी में भी शामिल हुई थीं। इस पार्टी का आयोजन फिल्म की राइटर और प्रोड्यूसर कनिका ढिल्लन ने किया था। बाद में कनिका ने जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, उसमें धनुष, मृणाल और कनिका साथ में पोज देते दिखे। इन तस्वीरों के बाद ही अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था, जिसे इस नए वीडियो ने और भी मजबूत कर दिया है।
धनुष ने साल 2004 में सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत से शादी की थी। इस जोड़ी के दो बेटे हैं। साल 2022 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की और अप्रैल 2024 में तलाक फाइनल हुआ। हालांकि, दोनों को बेटे यात्रा की ग्रेजुएशन सेरेमनी में साथ देखा गया था, जिससे यह साफ है कि वे अपने बच्चों की परवरिश में बराबर की भागीदारी निभा रहे हैं।
मृणाल ठाकुर का रिलेशनशिप स्टेटस
मृणाल ठाकुर की निजी जिंदगी हमेशा मीडिया की नजर में रही है। उनके नाम को कई सेलेब्स से जोड़ा गया है – जिनमें रैपर बादशाह, सिद्धांत चतुर्वेदी, कुशाल टंडन, अर्जित तनेजा और शरद त्रिपाठी जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, मृणाल ने कभी भी इन रिश्तों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया और फिलहाल वे अनमैरिड और सिंगल हैं।
धनुष इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘तेरे इश्क में’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें कृति सेनन भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को रिलीज होने जा रही है और इसे लेकर फैंस में काफी उत्साह है।