डकैती मामले में धौलपुर पुलिस का एक्शन, वांटेड आरोपी समेत 11 बदमाश गिरफ्तार

डकैती मामले में धौलपुर पुलिस का एक्शन, वांटेड आरोपी समेत 11 बदमाश गिरफ्तार

बसेड़ी पुलिस ने जुआ खेल रहे 10 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा और 14,060 रुपये जब्त किए। वहीं, डकैती के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी योगी उर्फ योगेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Rajasthan: धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थानाधिकारी बालकृष्ण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने 3 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जौरा का पुरा हनुमान मंदिर, सैमरपुरा मोड़, श्मशान घाट के पास पिपरोन और पिपरोन मोड़ के आसपास की गई। इन सभी जगहों पर आरोपी खुलेआम जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीमों ने मौके से कुल 14,060 रुपये की नकद जुआ राशि जब्त की।

थाने में दर्ज हुए मामले

पकड़े गए सभी 10 आरोपियों के खिलाफ बसेड़ी थाने में जुआ अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जुए का यह खेल कब से और किस नेटवर्क के तहत चल रहा था।

थानाधिकारी बालकृष्ण ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।

डकैती का वांछित आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में बसेड़ी पुलिस ने एक अन्य बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगी उर्फ योगेन्द्र (25) पुत्र राजवीर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के थाना सराह छोला क्षेत्र के तिलौंदा गांव का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी योगेन्द्र एक डकैती के मामले में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। उसे जिला कारागृह धौलपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपी से डकैती के मामले में गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं और उसने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

बसेड़ी थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

Leave a comment