हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक तीर्थयात्री 7 जुलाई से 31 जुलाई तक अपना हज आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।
नई दिल्ली: अगर आप 2026 में पवित्र हज यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक हाजी 7 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in या हज मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।
ऑनलाइन प्रक्रिया होगी जरूरी
दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने बताया कि इस वर्ष भी आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। दिल्ली सहित देशभर के हाजियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा हज मंजिल स्थित कार्यालय में भी उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराए जा सकते हैं।
इसके लिए आवेदकों को अपने वैलिड पासपोर्ट (31 दिसंबर 2026 तक वैध), आधार कार्ड, हालिया पासपोर्ट साइज़ फोटो और एक कैंसिल चेक साथ लाना अनिवार्य होगा।
हज यात्रा के लिए केवल 7 एम्बार्केशन पॉइंट
हज 2026 की यात्रा सिर्फ 7 चुनिंदा एम्बार्केशन पॉइंट्स से संभव होगी। ये हैं:
- दिल्ली
- अहमदाबाद
- बैंगलोर
- चेन्नई
- कोचीन
- कोलकाता
- हैदराबाद
यह निर्णय हज प्रक्रिया को अधिक सुचारु और संगठित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। हाजियों को यात्रा के लिए निकटतम एम्बार्केशन पॉइंट का चयन करना होगा।
शॉर्ट टर्म हज विकल्प भी उपलब्ध
इस वर्ष विशेष रूप से एक नया विकल्प जोड़ा गया है – कम अवधि (शॉर्ट टर्म) हज यात्रा। यह उन हाजियों के लिए है जो सीमित समय के लिए यात्रा करना चाहते हैं। इस विकल्प के तहत मदीना मुनव्वरा में ठहरने की अवधि केवल 2 से 3 दिन होगी। हालांकि, इस सुविधा के लिए अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। शॉर्ट टर्म यात्रा का चयन आवेदन पत्र में ही किया जा सकेगा।
आयु सीमा और विशेष श्रेणियां
हज 2026 के लिए आवेदन करने के लिए निम्न आयु मानदंड लागू होंगे:
- सामान्य हाजी: कम से कम 12 वर्ष की आयु
- बिना महरम महिला हाजी: कम से कम 45 वर्ष
- सीनियर सिटीजन श्रेणी: 65 वर्ष या अधिक
- 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को हज यात्रा की अनुमति नहीं होगी, जैसा कि हज 2025 में भी लागू था।
फूड ऑप्शन और रद्द करने की शर्तें
इस बार फूड ऑप्शन भी फॉर्म में भरवाया जाएगा। इससे हज कमेटी हाजियों की प्राथमिकताओं के अनुसार भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकेगी। हाजियों को यह ध्यान रखना होगा कि हज आवेदन फॉर्म केवल मृत्यु या गंभीर बीमारी जैसी आपात स्थितियों में ही रद्द किया जा सकता है। अन्य किसी कारणवश रद्द करने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए केवल पक्के इरादे वाले ही आवेदन करें।
आवेदन से पहले पढ़ें गाइडलाइन
हाजियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले हज गाइडलाइन और डिक्लरेशन फॉर्म्स को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इन दस्तावेजों में हज से संबंधित सभी नियम, यात्रा की शर्तें और भुगतान से जुड़ी जानकारियां दी गई होती हैं। हज कमेटी की वेबसाइट और ऐप पर हिंदी व अंग्रेज़ी दोनों में गाइडलाइन उपलब्ध है। जानकारी न होने पर निकटतम स्टेट हज कमेटी कार्यालय से सहायता ली जा सकती है।