भारतीय तेज़ गेंदबाज मोहम्मद सिराज का "मियां मैजिक" इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में पूरी तरह छाया रहा और इसका असर आईसीसी की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में भी देखने को मिला है। सिराज को इस मुकाबले में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
ICC Test Rankings 2025: भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह टेस्ट क्रिकेट के बड़े मैच विजेता हैं। इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले गए रोमांचक टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने न सिर्फ भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई, बल्कि अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ ICC टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग भी हासिल कर ली है। सिराज अब टॉप 15 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।
ओवल टेस्ट में सिराज का जलवा
ओवल टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 190 रन देकर 9 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत ने यह मुकाबला बेहद करीबी अंतर यानी सिर्फ 6 रनों से जीता, जो टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे छोटी रन जीत है। मैच के अंतिम दिन सिराज ने इंग्लैंड की आखिरी उम्मीदों को भी तोड़ा और गस एटकिंसन को आउट कर भारत को जीत दिलाई।
आईसीसी की ताज़ा टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग में मोहम्मद सिराज को 12 स्थानों की छलांग मिली है और अब वह 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह उनकी टेस्ट करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। इससे पहले सिराज की बेस्ट रैंकिंग जनवरी 2024 में 16वीं थी, जिसे अब उन्होंने पीछे छोड़ दिया है।
प्रसिद्ध कृष्णा भी चमके
इस टेस्ट मैच में सिराज के साथ गेंदबाज़ी साझेदार रहे प्रसिद्ध कृष्णा को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 59वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। दोनों गेंदबाज़ों ने मैच की दोनों पारियों में चार या उससे अधिक विकेट लिए और इस तरह एक टेस्ट में ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय जोड़ी बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि 1969 में बिशन सिंह बेदी और इरापल्ली प्रसन्ना ने हासिल की थी।
ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ गस एटकिंसन और जोश टोंग ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों ने मैच में 8-8 विकेट लिए और अपनी ICC रैंकिंग में उछाल पाया। एटकिंसन पहली बार टॉप 10 में शामिल हुए हैं, जबकि टोंग 14 स्थान ऊपर चढ़कर 46वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
क्रम | टीम | खिलाड़ी | रेटिंग | करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग |
1 | भारत | जसप्रीत बुमराह | 889 | 908 बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी 2025 |
2 | दक्षिण अफ्रीका | कागिसो रबाडा | 851 | 902 बनाम ऑस्ट्रेलिया, गकेबेर्हा 2018 |
3 | ऑस्ट्रेलिया | पैट कमिंस | 838 | 914 बनाम इंग्लैंड, ओल्ड ट्रैफर्ड 2019 |
4 | न्यूजीलैंड | मैट हेनरी | 817 | 817 बनाम जिम्बाब्वे, बुलावायो 2025 |
5 | ऑस्ट्रेलिया | जोश हेजलवुड | 815 | 864 बनाम भारत, बेंगलुरु 2017 |
6 | पाकिस्तान | नोमान अली | 806 | 806 बनाम वेस्टइंडीज, मुल्तान 2025 |
7 | ऑस्ट्रेलिया | स्कॉट बोलैंड | 784 | 784 बनाम वेस्टइंडीज, जमैका 2025 |
8 | ऑस्ट्रेलिया | नाथन लायन | 769 | 812 बनाम श्रीलंका, गाले 2025 |
9 | दक्षिण अफ्रीका | मार्को जानसेन | 767 | 803 बनाम पाकिस्तान, सेंचुरियन 2024 |
10 | ऑस्ट्रेलिया | मिशेल स्टार्क | 766 | 807 बनाम न्यूजीलैंड, पर्थ 2019 |
11 | इंग्लैंड | गस एटकिंसन | 766 | 766 बनाम भारत, द ओवल 2025 |
12 | वेस्टइंडीज | जेडन सील्स | 722 | 755 बनाम ऑस्ट्रेलिया, ग्रेनाडा 2025 |
13 | श्रीलंका | प्रभात जयसूर्या | 693 | 801 बनाम न्यूजीलैंड, गाले 2024 |
14 | वेस्ट इंडीज | शमर जोसेफ | 681 | 681 बनाम ऑस्ट्रेलिया, जमैका 2025 |
15 | भारत | मोहम्मद सिराज | 674 | 674 बनाम इंग्लैंड, द ओवल 2025 |
जसप्रीत बुमराह अब भी नंबर 1
भले ही जसप्रीत बुमराह ओवल टेस्ट में नहीं खेले, लेकिन उनकी टॉप रैंकिंग को कोई चुनौती नहीं दे सका। वह अब भी ICC टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग में नंबर 1 पर कायम हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर कागिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका), तीसरे पर पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया), चौथे पर मैट हेनरी (न्यूजीलैंड) और पांचवें स्थान पर जोश हेज़लवुड (ऑस्ट्रेलिया) हैं।
इस जीत के साथ भारत ने ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप सीरीज़ को 2-2 से बराबर कर लिया है। सिराज और भारतीय टीम के इस प्रदर्शन ने यह दिखा दिया है कि विदेशी परिस्थितियों में भी भारत अब मजबूत मानसिकता और गहराई वाली टीम बन चुका है।