ओमाहा में पुलिस पर फायरिंग, तीन अधिकारी घायल, जवाबी कार्रवाई में मारा गया संदिग्ध 

ओमाहा में पुलिस पर फायरिंग, तीन अधिकारी घायल, जवाबी कार्रवाई में मारा गया संदिग्ध 

अमेरिका के ओमाहा में बुधवार को गैस स्टेशन पर गोलीबारी हुई। इस दौरान तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए और 20 वर्षीय संदिग्ध को पुलिस ने मार गिराया। पुलिस चीफ टॉड श्माडेरर ने घटना को गंभीर बताया।

Omaha Shooting: अमेरिका के ओमाहा शहर में फिर एक भयावह गोलीबारी की घटना सामने आई है। बुधवार को हुई इस घटना में तीन पुलिस अधिकारी घायल हो गए जबकि एक 20 साल का संदिग्ध मारा गया। घटना गैस स्टेशन के पास हुई, जहां संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और संदिग्ध को मार गिराया। पुलिस चीफ टॉड श्माडेरर ने घटना को शहर के लिए गंभीर बताया, हालांकि उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को जानलेवा चोटें नहीं आई हैं।

गोलीबारी कैसे हुई

पुलिस चीफ टॉड श्माडेरर ने बताया कि घटना से पहले संदिग्ध ने एक किराने की दुकान में 61 साल के बुजुर्ग को सीने में कई गोलियां मारी थीं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध का पीछा करते हुए उसकी कार को गैस स्टेशन तक ट्रैक किया। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध कार से उतरकर एक टॉयलेट में घुस गया था। जैसे ही वह टॉयलेट से बाहर निकला, उसने पुलिस अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध मारा गया।

पुलिस अधिकारियों की स्थिति

गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारियों को सीधे गोली लगी जबकि तीसरे अधिकारी को छर्रे लगे। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार छर्रे लगे पुलिस अधिकारी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं, गोली लगने वाले दूसरे पुलिस अधिकारी की स्थिति फिलहाल अस्पष्ट है। पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और शहर में किसी तरह का अतिरिक्त खतरा नहीं है।

अमेरिका में हथियारों की आसानी

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका में इस तरह की फायरिंग की घटनाओं की प्रमुख वजह गन कल्चर है। अमेरिका दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां हथियार आसानी से खरीदे और रखे जा सकते हैं। कई राज्यों में बंदूक खरीदना सामान्य वस्तु खरीदने जितना आसान है। कुछ राज्यों में सिर्फ पहचान पत्र दिखाकर हथियार खरीदे जा सकते हैं जबकि कई जगह बैकग्राउंड चेक भी अनिवार्य नहीं है। यही सिस्टम फायरिंग जैसी घटनाओं को बढ़ावा देता है और सुरक्षा के लिए खतरा बनता है।

Leave a comment