पत्नी से हंसकर बात करने पर पड़ोसी की हत्या, सिर-चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार, मौत

पत्नी से हंसकर बात करने पर पड़ोसी की हत्या, सिर-चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार, मौत
AI IMAGE

कोरबा के ग्राम गनियारी में पत्नी से हंसी-मजाक को लेकर पति ने पड़ोसी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी को पकड़ लिया है। मामले की जांच जारी है।

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। गांव के लोगों ने जब सुबह घर से बाहर निकलकर देखा तो नंदकुमार पटेल (39 वर्ष) का शव खून से सनी हालत में पड़ा मिला। शव गांव में पड़ोसी जयकंवर के घर के पास स्थित बाड़ी में था।

नंदकुमार अपने घर से कुछ दूरी पर मृत अवस्था में मिला। उसके चेहरे और सिर पर गहरे जख्म थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि उस पर किसी भारी और धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया है। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद तुरंत करतला थाना पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया।

जांच के दौरान घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। खून के निशान और शव की स्थिति से पुलिस को अंदेशा हुआ कि हत्या देर रात की गई है। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि मृतक नंदकुमार पटेल गांव में ही रहता था और उसकी किसी से खुली दुश्मनी नहीं थी।

स्निफर डॉग सीधे आरोपी के घर पहुंचा

जांच के दौरान स्निफर डॉग ‘बाघा’ को घटनास्थल पर छोड़ा गया। कुत्ता शव मिलने की जगह से सूंघते हुए सीधे पड़ोसी जयकंवर के घर तक पहुंच गया। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। इसके बाद पुलिस ने जयकंवर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान जयकंवर टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पत्नी से बातचीत बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नंदकुमार का आरोपी जयकंवर के घर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि वह जयकंवर की पत्नी से बातचीत करता था और कभी-कभी हंसी-मजाक भी करता था। यह बात जयकंवर को लंबे समय से खटक रही थी।

रविवार रात जब जयकंवर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी और नंदकुमार को बातचीत करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में जयकंवर नंदकुमार को अपने घर के पास स्थित बाड़ी में ले गया।

कुल्हाड़ी से सिर और चेहरे पर किए वार

आरोपी जयकंवर ने पहले नंदकुमार के साथ मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से उसके सिर और चेहरे पर लगातार वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर घर चला गया।

कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालान पेश किया जाएगा।

Leave a comment