Columbus

रेल यात्रियों को राहत, अश्विनी वैष्णव ने भ्रमित खबरों का किया खंडन, जानें क्या कहा

रेल यात्रियों को राहत, अश्विनी वैष्णव ने भ्रमित खबरों का किया खंडन, जानें क्या कहा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों को भरोसा दिलाया। रेलवे में हवाई यात्रा जैसे एक्स्ट्रा लगेज नियम लागू नहीं हैं। कोई अतिरिक्त किराया या फाइन नहीं लगेगा। दिवाली-छठ पर विशेष ट्रेनें सुविधा के लिए चलाई जाएंगी।

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के यात्रियों के लिए हाल ही में उड़ती खबरों को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के एक्स्ट्रा लगेज पर कोई अतिरिक्त फाइन या किराया वसूला नहीं जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दशकों से जो नियम लागू हैं, वही जारी रहेंगे और किसी तरह का नया हवाई यात्रा जैसा नियम नहीं बनाया गया है।

यात्रियों को लेकर गलत खबरों का खंडन

कुछ दिन पहले खबर आई थी कि भारतीय रेलवे हवाई यात्रियों की तरह सामान के वजन के हिसाब से अतिरिक्त किराया वसूल करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत तय सीमा से ज्यादा वजन के सामान पर एक्स्ट्रा चार्ज लगेगा और इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनों के जरिए सभी बैग का वजन और साइज चेक किया जाएगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस खबर को पूरी तरह से खारिज किया। उन्होंने कहा कि रेलवे में पहले से तय नियम हैं कि कितने वजन तक सामान मुफ्त में साथ ले जाया जा सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि तय सीमा से ज्यादा सामान पर अधिक किराया लिया जाएगा।

रेलवे में हवाई यात्रा जैसा नियम नहीं

रेल मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया था कि फर्स्ट क्लास AC में 70 किलो, AC सेकंड क्लास में 50 किलो, थर्ड AC और स्लीपर क्लास में 40 किलो और जनरल टिकट पर 35 किलो तक का सामान बिना अतिरिक्त किराए के ले जाया जा सकता है। इसके ऊपर केवल 10 किलो तक की छूट होगी, इसके बाद बैग को पहले से बुक करना आवश्यक होगा।

लेकिन रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है और हवाई यात्रा जैसी प्रक्रिया रेलवे में नहीं अपनाई जाएगी। यात्रियों को उनके सामान के लिए किसी तरह का फाइन या अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा।

स्टेशन पर सामान का वजन और साइज नहीं होगा चेक

पहले यह रिपोर्ट्स आई थीं कि रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट की तरह इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से यात्रियों के बैग का वजन और साइज चेक किया जाएगा और तय सीमा से ज्यादा सामान होने पर जुर्माना लगाया जाएगा। रेल मंत्री ने इसे पूरी तरह से खारिज किया और कहा कि रेलवे में ऐसा कोई नियम नहीं है। यात्रियों को अपने सामान को लेकर कोई अतिरिक्त परेशानी नहीं होगी।

दिवाली-छठ और चुनावी आरोपों पर भी सफाई

इंटरव्यू के दौरान रेल मंत्री ने बिहार और महाराष्ट्र में चुनावों के मद्देनजर ट्रेन संचालन के आरोपों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों में लाखों लोग अपने घर जाते हैं। पिछले साल सात हजार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था। महाकुंभ और गणपति पर्व जैसे अवसरों पर भी विशेष ट्रेनों का प्रबंध किया गया। 

Leave a comment