यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रविवार को वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। यह बैठक यूक्रेन और रूस के बीच चार साल से जारी युद्ध को रोकने के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित की जा रही है।
कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने घोषणा की है कि वह रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। यह बैठक यूक्रेन और रूस के बीच चार साल से जारी युद्ध को रोकने और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जेलेंस्की ने बताया कि इस दौरान मुख्य रूप से यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी, युद्धविराम और संभावित जनमत संग्रह के मुद्दों पर चर्चा होगी।
रूस के साथ सीजफायर पर सहमति की शर्त
जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि अगर रूस युद्धविराम पर सहमत होता है, तो यूक्रेन जनमत संग्रह कराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, जनमत संग्रह तभी संभव होगा जब रूस कम से कम 60 दिनों का युद्धविराम करे। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि नागरिक सुरक्षा में भरोसा महसूस करें, ताकि मतदान निष्पक्ष और वैध हो।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने आगे कहा कि जनमत संग्रह का उद्देश्य यूक्रेनियों को यह अवसर देना है कि वे इलाके पर किसी भी संभावित समझौते के बारे में स्वयं निर्णय ले सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनमत संग्रह की तैयारी में सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे अहम है।

20 सूत्री योजना पर 90% सहमति
जेलेंस्की ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि विचाराधीन 20 सूत्री शांति योजना लगभग 90 प्रतिशत तैयार है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतिम प्रारूप में यूक्रेन और अमेरिका के साथ-साथ यूरोप का प्रतिनिधित्व शामिल होगा। यह पहल युद्ध को समाप्त करने के लिए व्यापक अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। जेलेंस्की ने कहा,
'हमें निकट भविष्य में एक ऐसा प्रारूप चाहिए, जो सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य हो। यह योजना युद्धविराम, सुरक्षा गारंटी और क्षेत्रीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है। हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के संकटपूर्ण क्षेत्र डोनबास और जापोरिज्जिया न्यूक्लियर पावर प्लांट पर भी इस बैठक में चर्चा होगी। जेलेंस्की ने कहा कि इन क्षेत्रों में नागरिक सुरक्षा और संभावित हिंसा को रोकना प्राथमिकता होगी। ट्रंप के साथ बैठक में इन मुद्दों पर संयुक्त रूप से रणनीति बनाने का प्रयास किया जाएगा।'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अफसर लगातार रूस और यूक्रेन के साथ डिप्लोमेटिक संपर्क में हैं। ट्रंप प्रशासन ने युद्ध को समाप्त करने और दोनों पक्षों के बीच वार्ता को सुचारू बनाने के लिए कई बार पहल की है। हालांकि अभी तक किसी अंतिम समझौते की संभावना स्पष्ट नहीं हो पाई है।











