सोने पर बड़ा अनुमान! 2026 में 5,000 डॉलर तक पहुंच सकती हैं कीमतें

सोने पर बड़ा अनुमान! 2026 में 5,000 डॉलर तक पहुंच सकती हैं कीमतें

बैंक ऑफ अमेरिका ने कहा कि 2026 में सोने की कीमत औसतन $4,538 प्रति औंस रह सकती है। वैश्विक मांग और सुरक्षित निवेश बढ़ने से कीमत $5,000 तक पहुंच सकती है। भारत में इसका मतलब 1,57,000 रुपये प्रति दस ग्राम होगा।

Gold Prices: बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 2026 में गोल्ड की कीमत औसतन 4,538 डॉलर प्रति औंस रह सकती है। इसके साथ ही लगातार सुरक्षित निवेश की मांग और अनुकूल वैश्विक परिस्थितियों के चलते यह कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस तक भी पहुंच सकती है। भारतीय रुपयों में इसका मतलब 1,57,000 रुपये प्रति दस ग्राम है। फिलहाल, वैश्विक हाजिर कीमतें लगभग 4,175 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही हैं।

भारत में सोने की मौजूदा स्थिति

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की 10 ग्राम कीमत वर्तमान में 1,25,342 रुपये है। बैंक ऑफ अमेरिका ने संकेत दिया है कि सोने में अभी भी तेजी की गुंजाइश बनी हुई है, चाहे बाजार "ओवर बॉट" हो या "अंडर-इन्वेस्टेड"।

सोने में तेजी के कारण

बैंक के अनुसार, सोने की कीमतों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारण हैं उच्च सरकारी कर्ज, लगातार बढ़ती महंगाई, कम ब्याज दरें और अमेरिकी आर्थिक नीतियों का असर। इसके अलावा, चीन से सोने की मांग में कमी, प्रमुख खनन धातुओं की आपूर्ति में बाधा और कम वैश्विक भंडार भी कीमतों पर असर डाल सकते हैं।

ब्याज दरों का असर

न्यूयॉर्क फेड के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने कहा है कि फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती महंगाई के खिलाफ लड़ाई को नुकसान नहीं पहुंचाएगी। CME फेडवाच टूल के अनुसार, व्यापारियों ने दिसंबर में फेड द्वारा दर कटौती की 81 प्रतिशत संभावना जताई है, जो पिछले सप्ताह 40 प्रतिशत थी। कम ब्याज दरों से सोने की कीमतों को बढ़ावा मिलता है, क्योंकि इस धातु पर कोई यील्ड नहीं होती और दरों में गिरावट से इसकी मांग बढ़ती है।

Leave a comment