Pune

ट्रंप ने जेलेंस्की को दी नसीहत: 'मॉस्को को निशाना न बनाएं', रूस पर फिर दिखाया सख्त रुख

ट्रंप ने जेलेंस्की को दी नसीहत: 'मॉस्को को निशाना न बनाएं', रूस पर फिर दिखाया सख्त रुख

डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की को मॉस्को पर हमला न करने की सलाह दी। उन्होंने रूस पर 100% टैरिफ की चेतावनी दी और युद्ध को ‘बाइडेन युद्ध’ बताया।

Trump: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को रूस के भीतर गहरे हमले के लिए उकसाने की खबरों से खुद को अलग किया है। उन्होंने कहा कि युद्ध को जल्द खत्म करना उनकी प्राथमिकता है, न कि किसी पक्ष का समर्थन करना।

जेलेंस्की को मॉस्को पर हमले से रोका

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दी है जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने यूक्रेन को रूस की राजधानी मॉस्को पर हमला करने के लिए उकसाया। ट्रंप ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जो संघर्ष को और भड़काए।

‘मैं किसी पक्ष में नहीं, मानवता के साथ हूं’

व्हाइट हाउस के साउथ लॉन पर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी भी देश का समर्थन करना नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं किसी के पक्ष में नहीं हूं। मैं मानवता के पक्ष में हूं, क्योंकि मैं चाहता हूं कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे इस युद्ध में मरने वालों की संख्या रुके।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि युद्ध को रोकना और शांति स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है, न कि सैन्य विस्तार या किसी पक्ष की जीत सुनिश्चित करना।

‘बाइडेन युद्ध’ बताया रूस-यूक्रेन संकट

ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष को 'बाइडेन युद्ध' करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि वह अमेरिका के राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध अब तक समाप्त हो गया होता। उनका दावा है कि मौजूदा अमेरिकी नेतृत्व की कमजोरी के चलते यह संकट इतना लंबा खिंच गया है। उन्होंने कहा, “मैंने कई वैश्विक संघर्षों को खत्म किया है और मेरा प्रयास रहेगा कि अमेरिका को इस युद्ध से बाहर निकाला जाए।”

पुतिन से भी जताई नाराजगी

डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पुतिन यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करने के लिए कोई रास्ता निकालेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ट्रंप के मुताबिक, वह इस बात से निराश हैं कि पुतिन ने अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया है।

रूस पर टैरिफ लगाने की धमकी

रूस पर दबाव बनाने के लिए ट्रंप ने एक नई रणनीति का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि रूस को युद्धविराम के लिए 50 दिन की समयसीमा दी जानी चाहिए। यदि इस समय के भीतर रूस संघर्ष विराम के लिए राजी नहीं होता तो उस पर 100% टैरिफ और कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

यूक्रेन को मिलने वाली मदद पर दिया स्पष्टीकरण

हाल ही में पेंटागन ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति कुछ समय के लिए रोकी थी। इस मुद्दे पर बात करते हुए ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका निर्मित अरबों डॉलर के हथियार जल्द ही नाटो सहयोगी देशों को भेजे जाएंगे।

नाटो महासचिव मार्क रूट के साथ ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपनी भूमिका को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है। उसका लक्ष्य संघर्ष की समाप्ति और क्षेत्रीय स्थिरता है।

Leave a comment