दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Weather Forecast: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मूसलधार बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। देश में एक तरफ जहां लू और गर्म हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश ने बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका को भी जन्म दिया है।
दिल्ली-एनसीआर: लू ने बढ़ाई परेशानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मंगलवार को तेज सतही हवाओं और धूल भरी आंधी ने गर्मी को और ज्यादा महसूस कराया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं चलने के कारण गर्मी और भी विकराल रूप ले सकती है।
हरियाणा और पंजाब: गर्मी से बेहाल
हरियाणा के सिरसा में पारा 46 डिग्री पार कर गया है, जो इस सीजन का सर्वाधिक है। रोहतक, हिसार, फतेहाबाद और भिवानी में भी पारा 44-45 डिग्री के बीच है। मौसम विभाग ने इन जिलों में हीटवेव के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब के लुधियाना, पटियाला और अमृतसर जैसे शहरों में भी भीषण गर्मी का असर देखा गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में और इजाफा होने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान: 40 जिलों में 40°C पार
राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, चुरू, बाड़मेर और सीकर में हीटवेव का असर जारी है। यहां दिन का तापमान लगातार 44-46 डिग्री के बीच बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए कहा है कि 14 जून से कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। विशेषकर कोटा, झालावाड़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट संभव है।
दक्षिण भारत: राहत बनी बारिश, लेकिन बढ़ी अलर्ट की स्थिति
जहां उत्तर भारत तप रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मॉनसून पूर्व बारिश राहत लेकर आई है। मध्य कर्नाटक के चिकमंगलूर, शिवमोगा और कोडगु जिलों में 50-70 किमी/घंटा की हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में भी मूसलधार बारिश के चलते अलर्ट जारी है।चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। साथ ही 30-60 किमी/घंटा की हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
आंध्र प्रदेश के रायलसीमा और तटीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। यनम क्षेत्र में भी भारी बारिश की आशंका है। तेलंगाना के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जो कुछ स्थानों पर भारी भी हो सकती है।