भारत और श्रीलंका के बीच मैच के साथ मंगलवार को महिला वनडे विश्व कप 2025 का आगाज होगा। अच्छे फॉर्म में चल रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम घरेलू मैदान का फायदा उठाते हुए 47 साल बाद अपना पहला आईसीसी खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: महिला क्रिकेट के सबसे बड़े मंच Women's ODI World Cup 2025 का आगाज आज से हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला दोपहर तीन बजे भारतीय महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम घरेलू मैदानों पर खेलने का फायदा उठाकर 47 साल बाद पहला ICC खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
इस बार महिला वनडे विश्व कप में ईनामी राशि रिकॉर्ड 13.88 मिलियन डॉलर रखी गई है, जो 2022 की तुलना में चार गुना अधिक है। पुरुषों के 2023 विश्व कप में ईनामी राशि 10 मिलियन डॉलर थी।
भारतीय टीम की तैयारी और फॉर्म
विश्व कप में कुल 11 राउंड रॉबिन मैच खेले जाएंगे। भारत का पहला मुकाबला श्रीलंका से 5 अक्टूबर को है। वहीं, पाकिस्तान टीम भी अपने मैच श्रीलंका में खेलेगी। इस टूर्नामेंट का एक सेमीफाइनल भी श्रीलंका में आयोजित होगा, और यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचती है, तो फाइनल भी वहीं खेला जाएगा।भारतीय महिला टीम हाल ही में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए आखिरी वनडे में भारत ने 413 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य पार करते हुए जीत दर्ज की। यह जीत भारतीय टीम की हाल की फॉर्म को दर्शाती है।
टीम की बल्लेबाजी की धुरी स्मृति मंधाना होंगी। मंधाना इस समय शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने इस साल चार वनडे शतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 115.85 रहा है। मंधाना का अनुभव और तकनीक भारत की जीत की उम्मीदों को और मजबूत करेगी।
गेंदबाजी और स्पिन पर निर्भरता
भारतीय टीम के लिए स्पिन विभाग की जिम्मेदारी दीप्ति शर्मा, राधा यादव, स्नेह राणा और एन श्री चरणी पर होगी। टूर्नामेंट में दबाव के बड़े मौकों पर ये खिलाड़ी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगी। भारत को पिछले बड़े मुकाबलों से सीख लेकर इस बार मानसिक मजबूती के साथ खेलना होगा। पिछले विश्व कप 2017 में भारत फाइनल में पहुंचने के करीब था, लेकिन आखिरी मैच में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मामूली अंतर से हार गई थी। इस बार टीम इन अनुभवों को अपने पक्ष में बदलने की कोशिश करेगी।
विश्व कप की सह मेजबान श्रीलंकाई टीम 2022 विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। इस बार उनकी उम्मीदें युवा हरफनमौला ड्यूमी विहांगा पर टिकी हैं। त्रिकोणीय सीरीज में विहांगा ने 11 विकेट लिए थे और उनकी गेंदबाजी श्रीलंका के लिए अहम साबित होगी।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रौड्रिग्स, ऋचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड़।
श्रीलंका: चामरी अटापट्टू (कप्तान ), हसिनी परेरा, विष्मी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा,कविषा दिलहारी, निलाक्षी डिसिल्वा, अनुष्का संजीवनी, इमेशा दुलानी, डयूमी विहांगा, पियूमी वत्सला, इनोका रणवीरा, सुगंदिका कुमारी, उदेशिका प्रबोधनी, मल्की मडारा, अचिनी कुलसूर्या।