Columbus

बिहार में हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर किया ताबड़तोड़ हमला, कहा- 'देशद्रोही, पागल और पेच ढीला आदमी है'

बिहार में हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर किया ताबड़तोड़ हमला, कहा- 'देशद्रोही, पागल और पेच ढीला आदमी है'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार में अपनी चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। वह कटिहार में जेडीयू उम्मीदवार विजय सिंह के समर्थन में रैली करने पहुंचे थे।

पटना: असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार के कटिहार में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। सरमा ने राहुल गांधी को “देशद्रोही”, “पागल आदमी” और “दिमाग का पेच ढीला” करार देते हुए उन पर भारत की सेना और न्यायपालिका की आलोचना करने का आरोप लगाया।

हिमंत बिस्वा सरमा यह रैली जेडीयू उम्मीदवार विजय सिंह के समर्थन में कर रहे थे। रैली के दौरान सरमा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने बयानों के जरिए लोगों को बांटने और राष्ट्रीय संस्थाओं का अपमान करने का काम कर रहे हैं।

क्या कहा हिमंत बिस्व सरमा ने

सरमा ने राहुल गांधी के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सेना को देश की केवल 10 प्रतिशत आबादी के नियंत्रण में होने की बात कही थी। उन्होंने इसे सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा का अपमान बताया। सरमा ने कहा,

'राहुल गांधी पागल इंसान हैं। उनके बारे में बात मत करो। उनके मन में जो आता है, वह बक देते हैं। अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो क्या आप सेना को 10-20 प्रतिशत में बांट देंगे? देश को उन्हें आधिकारिक तौर पर पागल घोषित कर देना चाहिए।'

इसके अलावा, सरमा ने राहुल गांधी को देश का दुश्मन भी करार दिया और आरोप लगाया कि देश के दुश्मनों ने राष्ट्रीय संस्थाओं को कमजोर करने के लिए उन्हें इस्तेमाल किया। सरमा ने कहा कि यह 10 प्रतिशत की बात “देशद्रोह” है और इसमें उन सैनिकों का अपमान छिपा हुआ है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। सरमा ने रैली का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को आधिकारिक तौर पर पागल घोषित करने की अपनी अपील दोहराई।

राहुल गांधी का विवादित बयान

कुछ दिन पहले बिहार के कुटुम्बा में राहुल गांधी ने कहा था कि भारत की न्यायपालिका और सशस्त्र बलों में पिछड़े, दलित और आदिवासी समुदायों के 90 प्रतिशत लोगों को सत्ता से बाहर रखा गया है। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा गया और विपक्षी दलों ने इसे गंभीर आरोप मानते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।

हिमंत बिस्व सरमा ने अपनी रैली में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए तेजस्वी ने रोजगार पैदा करने में असफलता दिखाई और केवल बिहार में घुसपैठियों को लाने का काम किया। सरमा ने कहा, तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे। क्या उन्होंने किसी महिला के खाते में तीन रुपये भी जमा किए? जब उनके पास क्षमता थी, तब उन्होंने कुछ नहीं किया और आज वे बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं।

सरमा ने यह भी कहा कि भाजपा, जेडीयू और उनके सहयोगी एनडीए बिहार में अगली सरकार बनाएंगे और राज्य की जनता को विकास और सुरक्षा का भरोसा देंगे। हिमंत बिस्वा सरमा के बयान ने बिहार चुनावी परिदृश्य में नई राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। इस बयान से कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जनमत में प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। वहीं, भाजपा और एनडीए इस बयान को चुनावी रणनीति का हिस्सा बता रहे हैं और इसे अपने पक्ष में प्रचारित कर रहे हैं।

 

Leave a comment