Pune

Bihar: मनीष कश्यप जन सुराज में हुए शामिल, प्रशांत किशोर बोले- 'बिहार को बदलने वाला लड़का अब हमारे साथ'

Bihar: मनीष कश्यप जन सुराज में हुए शामिल, प्रशांत किशोर बोले- 'बिहार को बदलने वाला लड़का अब हमारे साथ'

पूर्व बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने जन सुराज पार्टी जॉइन कर ली है। प्रशांत किशोर ने उनका स्वागत किया। वे चनपटिया सीट से 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

Bihar: पटना में जन सुराज पार्टी के कार्यक्रम में चर्चित यूट्यूबर और पूर्व भाजपा नेता मनीष कश्यप ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रशांत किशोर की अगुवाई में मनीष कश्यप के शामिल होने को एक नए बदलाव की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। इस मौके पर मनीष काफी भावुक नजर आए और बिहार को बदलने की जरूरत पर जोर दिया।

भावुक हुए मनीष कश्यप

पटना के शेखपुरा हाउस में आयोजित समारोह में जब मनीष कश्यप मंच पर आए, तो उन्होंने कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं, कुछ बोल नहीं पा रहा हूं।" उनका यह भावुक अंदाज दर्शकों और समर्थकों के दिल को छू गया। मनीष ने इस अवसर को सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

प्रशांत किशोर ने क्यों बताया मनीष को बदलाव की आवाज

प्रशांत किशोर ने मंच से मनीष कश्यप की सराहना करते हुए कहा, "मनीष बिहार का वो लड़का है, जो इसे बदलना चाहता है ताकि आने वाली पीढ़ियों को 'बिहारी' कहलाना अपमान न लगे।" उन्होंने कहा कि मनीष किसी बड़े घराने से नहीं, बल्कि संघर्ष से निकला हुआ नाम है, और यही उसे जन सुराज की राजनीति के लिए सबसे उपयुक्त बनाता है।

भाजपा छोड़कर जन सुराज में आए मनीष

मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को भाजपा की सदस्यता ली थी, लेकिन उन्होंने महज डेढ़ साल में ही 7 जून 2025 को फेसबुक लाइव के जरिए पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी। मनीष ने कहा कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न और पार्टी के मौन रवैये को नजदीक से देखा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे ऐसे किसी संगठन का हिस्सा नहीं बन सकते जो ज़मीनी सच्चाई से आंखें मूंद ले।

जन सुराज को क्यों चुना

मनीष का कहना है कि जन सुराज एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां आम आदमी की आवाज को सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा, "जन सुराज सिर्फ एक पार्टी नहीं, एक आंदोलन है। इसका उद्देश्य बिहार को नई दिशा देना है, और मैं इस मिशन का हिस्सा बनकर गर्व महसूस करता हूं।"

बिहार चुनाव 2025 को बताया निर्णायक

मनीष कश्यप ने आने वाले विधानसभा चुनाव 2025 को बिहार के भाग्य का चुनाव बताया। उन्होंने कहा, "यह चुनाव सिर्फ सरकार चुनने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को तय करने का है। अगर इस बार बदलाव नहीं हुआ तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।"

प्रशांत किशोर को मौका देने की अपील

अपने भाषण में मनीष ने कहा, "प्रशांत किशोर को मौका दीजिए, क्योंकि वह सोचते हैं युवाओं, किसानों और आम लोगों के लिए। वह राजनीतिक नहीं, सामाजिक परिवर्तन की बात करते हैं। बिहार को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो नयी सोच के साथ आगे बढ़े।"

मनीष ने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, "हम बुझी हुई आश जलाएंगे, घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे। पलायन का दर्द मिटाएंगे और नया बिहार बनाएंगे। लेकिन यह सब तभी संभव है जब जनता हमारे साथ हो।"

चनपटिया से लड़ सकते हैं चुनाव

सूत्रों के अनुसार मनीष कश्यप 2025 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक बेतिया और मोतिहारी से पटना पहुंचे थे। यह भी स्पष्ट करता है कि मनीष की पकड़ ज़मीनी स्तर पर मजबूत है।

सोशल मीडिया पर पहले ही दी थी जानकारी

मनीष ने पार्टी में शामिल होने की जानकारी पहले ही सोशल मीडिया के जरिए दी थी। उन्होंने जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रशांत किशोर के साथ तस्वीर साझा करते हुए बदलाव की प्रतिबद्धता जताई थी। उनकी पोस्ट में लिखा था:

"बुझी हुई आश जलाएंगे हम,
घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम,
फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।"

Leave a comment