दिनदहाड़े जोधपुर में चलीं गोलियां, युवक घायल; VIDEO में पीछा कर रहे युवकों पर भी की फायरिंग

दिनदहाड़े जोधपुर में चलीं गोलियां, युवक घायल; VIDEO में पीछा कर रहे युवकों पर भी की फायरिंग
AI IMAGE

पुरानी रंजिश और जुए में हार की झुंझलाहट में युवक को गोली मारी गई। घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार सप्लाई से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

Rajasthan: जोधपुर शहर के कमला नेहरू नगर इलाके में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हुडको क्वार्टर चौराहे पर एक बदमाश ने युवक पर फायरिंग कर दी। घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। वह टी-स्टॉल पर खड़ा था, तभी आरोपी ने उसके पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही आकाश जमीन पर गिर पड़ा और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।

घटना के तुरंत बाद आरोपी वहां से पास की गली में भागने लगा। कुछ युवकों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने रुककर दोबारा फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से युवक डर गए और पीछे हट गए। पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह

एडीसीपी (वेस्ट) रोशन मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान 21 वर्षीय प्रदीप बेगड़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फायरिंग की मुख्य वजह पुरानी रंजिश थी। प्रदीप और आकाश के परिवारों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को प्रदीप जुए में करीब एक से डेढ़ लाख रुपए हार गया था। इसके बाद वह मोबाइल बेचकर लौट रहा था और मानसिक रूप से काफी परेशान था। जब वह हुडको चौराहे से बाइक लेकर गुजर रहा था, तब आकाश ने उस पर टिप्पणी कर दी। इसी बात से गुस्से में आकर प्रदीप घर गया और वहां से पिस्टल लेकर वापस आया और आकाश पर गोली चला दी।

मर्डर के इरादे से खरीदी थी पिस्टल

एडीसीपी ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल आरोपी ने किसी तीसरे व्यक्ति की हत्या करने के उद्देश्य से पहले ही खरीद रखी थी। यह पिस्टल उसे मुरली हेयर कटिंग सैलून पर काम करने वाले गजेंद्र पंवार ने 24 हजार रुपए में दिलवाई थी।

इस हथियार की सप्लाई के लिए जेल में बंद विक्रम गलतानी से संपर्क किया गया था। पुलिस ने इस मामले में गजेंद्र पंवार को भी हिरासत में ले लिया है और हथियार नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Leave a comment