बिग बॉस 19 की अनाउंसमेंट के साथ ही शो को लेकर जबरदस्त बज़ बना हुआ है। फैंस इस बार के सीजन को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी कंटेस्टेंट्स को लेकर कई चर्चाएं हो रही हैं।
एंटरटेनमेंट: बिग बॉस 19 की अनाउंसमेंट के साथ ही शो को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। फैंस इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि इस बार कौन-कौन से चेहरे बिग बॉस हाउस में नजर आएंगे। हाल ही में चर्चाएं ज़ोरों पर हैं कि टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी इस सीज़न का हिस्सा बन सकती हैं। इतना ही नहीं, उनके एक्स बॉयफ्रेंड शरद मल्होत्रा के भी शो में एंट्री लेने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
लेकिन इन खबरों पर अब खुद दिव्यांका त्रिपाठी ने रिएक्शन दिया है और इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए साफ-साफ कहा है कि वह बिग बॉस 19 में हिस्सा नहीं ले रही हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी ने बताया ‘फेक न्यूज’
टेली टॉक को दिए गए एक इंटरव्यू में जब दिव्यांका से पूछा गया कि क्या वह बिग बॉस 19 का हिस्सा बन रही हैं, तो उन्होंने कहा: फेक! ऐसी अफवाहें हर साल फैलाई जाती हैं। इस एक स्टेटमेंट से यह स्पष्ट हो गया कि दिव्यांका का बिग बॉस 19 में आने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि, हर साल की तरह इस बार भी उनका नाम इस शो से जोड़ा गया, लेकिन एक्ट्रेस ने खुद इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।
बिग बॉस की यूएसपी रही है – कंट्रोवर्सी और एक्स कंटेस्टेंट्स के साथ नाटकीय स्थितियां बनाना। दिव्यांका के एक्स बॉयफ्रेंड शरद मल्होत्रा के नाम की चर्चा भी इसलिए हो रही है कि अगर दोनों शो में एक साथ आते हैं, तो ये दर्शकों के लिए बेहद दिलचस्प होगा। शरद और दिव्यांका की जोड़ी को सालों पहले हिट शो 'बनूं मैं तेरी दुल्हन' में देखा गया था।
ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ रियल लाइफ में भी दोनों के बीच रोमांटिक रिश्ता था, जो कई सालों तक चला। हालांकि, साल 2015 में उनका ब्रेकअप हो गया और दोनों ने अपनी-अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ना चुना।
कहां हैं अब दिव्यांका और शरद?
ब्रेकअप के बाद दिव्यांका ने विवेक दहिया से शादी कर ली, वहीं शरद ने रिप्सी भाटियी के साथ जीवनसाथी बनने का फैसला किया। दोनों अब अपनी निजी जिंदगी में खुश हैं और करियर के अलग-अलग पड़ाव पर काम कर रहे हैं। जहां दिव्यांका ने पिछले कुछ सालों में टीवी से दूरी बनाई है, वहीं वह ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर रुख कर चुकी हैं।
उन्हें हाल ही में ‘द मैजिक ऑफ शिरी’ नामक वेब शो में देखा गया, जिसमें उन्होंने एक मैजिशियन का रोल निभाया। वहीं शरद मल्होत्रा भी कई टीवी शोज़ और म्यूज़िक वीडियोज़ में काम कर चुके हैं और उनके फैंस उन्हें एक बार फिर टीवी पर देखने के लिए बेताब हैं। फिलहाल दिव्यांका त्रिपाठी ने खुद कन्फर्म कर दिया है कि वह बिग बॉस का हिस्सा नहीं हैं।
शरद मल्होत्रा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन जब तक बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट्स की पूरी लिस्ट सामने नहीं आती, तब तक फैंस की उत्सुकता बनी रहेगी।