Columbus

Earthquake: असम समेत पूर्वोत्तर भारत में 5.8 तीव्रता का भूकंप, पीएम मोदी ने हरसंभव मदद का जताया भरोसा

Earthquake: असम समेत पूर्वोत्तर भारत में 5.8 तीव्रता का भूकंप, पीएम मोदी ने हरसंभव मदद का जताया भरोसा

रविवार शाम पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। असम में दो लड़कियां घायल हुईं और कई मकान क्षतिग्रस्त हुए। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री से बात कर मदद का आश्वासन दिया।

Earthquake: रविवार शाम भारत के पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अचानक धरती हिल गई। यह भूकंप 5.8 तीव्रता का था। इस झटके के बाद डेढ़ घंटे के भीतर तीन और झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कई मकानों में दरारें आईं और कुछ जगहों पर छतें भी ढह गईं।

असम रहा सबसे ज्यादा प्रभावित

भूकंप का केंद्र असम का उदालगुड़ी जिला बताया गया। पहला झटका शाम 4 बजकर 41 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता 5.8 मापी गई। इसके बाद 4 बजकर 58 मिनट पर दूसरा झटका 3.1 तीव्रता का महसूस किया गया। तीसरा झटका 5 बजकर 21 मिनट पर 2.9 तीव्रता का और चौथा झटका 6 बजकर 11 मिनट पर 2.7 तीव्रता का दर्ज किया गया। तीसरे झटके का केंद्र सोनितपुर जिला रहा, जबकि बाकी तीन उदालगुड़ी में थे।

छात्रावास की छत ढहने से दो लड़कियां घायल

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार भूकंप की वजह से उदालगुड़ी जिले में एक छात्रावास की छत गिर गई। इसके नीचे दबकर दो लड़कियां घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा अमगुड़ी इलाके में भी एक मकान की छत ढह गई। सोनितपुर जिले में दो मकान और एक दुकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। विश्वनाथ जिले में घरों की दीवारों पर दरारें पड़ीं। वहीं दरांग, नलबाड़ी और होजई जिलों से भी मकानों में दरारों की खबर आई है।

पीएम मोदी ने सीएम से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पूर्वोत्तर के दो दिवसीय दौरे पर थे। शाम को वे असम से कोलकाता पहुंचे। इस बीच उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा से फोन पर बात की और भूकंप की स्थिति की जानकारी ली। पीएम मोदी ने केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं रहेगी।

सीएम शर्मा ने कही ये बात

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। राज्य आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता दी जाएगी। साथ ही राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं ताकि लोग किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क कर सकें।

अरुणाचल और मणिपुर में भी झटके

भूकंप का असर केवल असम तक ही सीमित नहीं रहा। अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलु ने कहा कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और सतर्क रहें।

पश्चिम बंगाल के हिस्सों में भी असर

असम से सटे पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भी भूकंप महसूस किया गया। सिलीगुड़ी में रहने वाले एक स्थानीय निवासी बिकाश दे ने बताया कि उन्होंने कुछ सेकंड के लिए जमीन को हिलते हुए महसूस किया। एहतियात के तौर पर वह घर से बाहर निकल आए। वहीं, कुछ लोगों ने शंख बजाना शुरू कर दिया। मान्यता है कि शंख बजाने से भूकंप का असर कम होता है।

Leave a comment