Columbus

हिंदू धर्म पर टिप्पणी को लेकर कर्नाटक में राजनीतिक घमासान, BJP ने सीएम सिद्धारमैया पर साधा निशाना

हिंदू धर्म पर टिप्पणी को लेकर कर्नाटक में राजनीतिक घमासान, BJP ने सीएम सिद्धारमैया पर साधा निशाना

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की हिंदू धर्म पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। मुख्यमंत्री ने जाति व्यवस्था और धर्मांतरण पर अपने विचार व्यक्त किए थे, जिनके बाद भाजपा (BJP) ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की है। 

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की हिंदू धर्म पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। उन्होंने हिंदू धर्म में धर्मांतरण और जाति व्यवस्था पर टिप्पणी की, जिस पर बीजेपी ने उन्हें निशाने पर लिया है। भाजपा ने सिद्धारमैया से सवाल किया है कि क्या उनकी हिम्मत है कि इस्लाम में समानता के विषय में भी सवाल करें। इसके साथ ही बीजेपी ने उन्हें सलाह दी है कि वह अपना वामपंथी नजरिया अलग रखें।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

सिद्धारमैया से मीडिया ने जाति जनगणना और धर्मांतरण से जुड़े सवाल पूछे। इसके जवाब में उन्होंने कहा, भले ही हम कहें कि धर्मांतरण मत करो, लेकिन कुछ लोग जाति व्यवस्था के कारण ऐसा करते हैं। अगर हमारे हिंदू समाज में समानता और समान अवसर होते, तो कोई धर्मांतरण क्यों करता? उन्होंने छुआछूत और सामाजिक असमानताओं को धर्मांतरण का एक कारण बताया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिंदू धर्म में सुधार की जरूरत है और लोगों को समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

BJP का पलटवार

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने सिद्धारमैया के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म में असमानताएं हो सकती हैं, लेकिन किसी को धर्मांतरण के लिए मजबूर करना अनुचित है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया, अगर इस्लाम में समानता है, तो महिलाएं मस्जिदों में प्रवेश क्यों नहीं कर सकतीं? तीन तलाक पर प्रतिबंध का विरोध क्यों हुआ? कुरान में गैर-मुसलमानों को काफ़िर क्यों कहा गया? क्या सिद्धारमैया में यह पूछने का साहस है?

आर अशोक ने आगे पूछा कि अगर मुसलमानों में भाईचारे की भावना है, तो पहलगाम में आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना क्यों बनाया और केवल हिंदुओं को क्यों मारा? उन्होंने इस्लाम में महिलाओं के साथ असमान व्यवहार पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष BY विजयेंद्र का आरोप

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष BY विजयेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान हिंदुओं को दूसरे धर्मों में धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिंदू धर्म और आस्था के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाया है और जाति जनगणना में हिंदू नाम वाली जातियों के आगे ‘ईसाई’ जोड़ने जैसी ‘भूल’ कर लोगों का ध्यान भटकाया।

विजयेंद्र ने कहा, सिद्धारमैया हिंदू धर्म में समानता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि मुस्लिम समुदाय में समानता पर सवाल उठाने की हिम्मत नहीं दिखा रहे। यह उनके अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की नीति को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार धर्मांतरण विरोधी कानून और गोहत्या प्रतिबंध को रद्द करने की योजना बना रही है।

सिद्धारमैया ने हाल ही में बेंगलुरु के शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन के नाम को लेकर भी विवाद खड़ा किया था। उन्होंने स्टेशन का नाम सेंट मैरी रखने की मांग की, जिससे भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक तुष्टिकरण और मराठा प्रतीक का अपमान करने का आरोप लगाया।

Leave a comment