गाजा के पुनर्विकास को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शांति योजना के तहत ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बोर्ड में विश्व बैंक समूह के भारतीय-अमेरिकी अध्यक्ष अजय बंगा को भी सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
Gaza Redevelopment Plan: गाजा में लंबे समय से जारी संघर्ष को समाप्त करने और क्षेत्र के पुनर्निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापक शांति योजना के तहत ‘बोर्ड ऑफ पीस’ (Board of Peace) के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। व्हाइट हाउस ने इस बोर्ड के संस्थापक कार्यकारी सदस्यों की सूची जारी की है, जिसमें वैश्विक राजनीति, कूटनीति, वित्त और विकास से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों को शामिल किया गया है।
इस बोर्ड में विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और कई अन्य प्रभावशाली नेताओं को नामित किया गया है। इस पहल को गाजा संघर्ष समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति, स्थिरता और आर्थिक विकास लाने के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
व्हाइट हाउस ने जारी की कार्यकारी बोर्ड की सूची
व्हाइट हाउस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में ऐसे नेताओं को शामिल किया गया है, जिन्हें कूटनीति, बुनियादी ढांचे, आर्थिक रणनीति, निवेश और विकास का व्यापक अनुभव है। नामित सदस्यों में शामिल हैं:
- अजय बंगा, अध्यक्ष – विश्व बैंक समूह
- मार्को रूबियो, अमेरिकी विदेश मंत्री
- स्टीव विटकॉफ, अमेरिकी मध्य पूर्व विशेष दूत
- जेरेड कुश्नर, डोनाल्ड ट्रंप के दामाद
- टोनी ब्लेयर, पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री
- मार्क रोवन, सीईओ – अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट
- रॉबर्ट गेब्रियल, अमेरिकी उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार
व्हाइट हाउस के अनुसार, आने वाले हफ्तों में बोर्ड के अतिरिक्त सदस्यों और गाजा के लिए एक अलग कार्यकारी बोर्ड की भी घोषणा की जाएगी।

गाजा में बोर्ड ऑफ पीस की भूमिका
व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया कि बोर्ड का प्रत्येक सदस्य गाजा की स्थिरीकरण और दीर्घकालिक सफलता से जुड़े एक-एक पोर्टफोलियो की देखरेख करेगा। इसमें शामिल हैं:
- शासन क्षमता का निर्माण
- क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय संबंध
- पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचा
- निवेश आकर्षित करना
- बड़े पैमाने पर फंडिंग और पूंजी जुटाना
इसका उद्देश्य गाजा को संघर्ष के बाद एक आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त क्षेत्र में बदलना है।
सुरक्षा और स्थिरता के लिए अंतरराष्ट्रीय बल
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यूएस स्पेशल ऑपरेशंस कमांड सेंट्रल के कमांडर मेजर जनरल जैस्पर जेफर्स को इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स (ISF) का कमांडर नियुक्त किया गया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, ISF का काम होगा:
- सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व
- व्यापक निरस्त्रीकरण का समर्थन
- मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण सामग्री की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना
- ट्रंप की योजना का दूसरा चरण
‘बोर्ड ऑफ पीस’ और नेशनल कमेटी फॉर द एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाजा (NCAG) को ट्रंप की 20-सूत्री शांति योजना के दूसरे चरण के क्रियान्वयन के लिए अहम माना जा रहा है। इस चरण का लक्ष्य गाजा में स्थायी शांति, पुनर्निर्माण और समृद्धि सुनिश्चित करना है।











