हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का नाम तय कर लिया गया है। राहुल गांधी की वापसी के बाद एलान होगा। विनय कुमार और विनोद सुल्तानपुरी में से किसी एक को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी को लेकर जल्द घोषणा होने जा रही है। राहुल गांधी के दिल्ली लौटते ही पार्टी औपचारिक एलान करेगी। अनुसूचित जाति वर्ग से अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। विनय कुमार और विनोद सुल्तानपुरी के नामों पर सहमति बनी है।
जल्द होगा हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष का एलान
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के नए अध्यक्ष का नाम तय कर लिया गया है। राहुल गांधी के दिल्ली लौटने के बाद पार्टी इसकी औपचारिक घोषणा करेगी।
अध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी का भी होगा गठन
सिर्फ अध्यक्ष ही नहीं बल्कि कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी का भी जल्द गठन किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी के नामों पर सहमति बना ली है। अब केवल औपचारिक एलान किया जाना बाकी है। माना जा रहा है कि पार्टी इस बार संगठन को क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के आधार पर नया स्वरूप देगी।
सीएम और डिप्टी सीएम ने की प्रभारी से मुलाकात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हाल ही में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से दिल्ली में मुलाकात की। इस बैठक में अध्यक्ष पद के लिए विनय कुमार और विनोद सुल्तानपुरी के नामों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं का नाम शीर्ष पर बताया जा रहा है।
अनुसूचित जाति वर्ग से अध्यक्ष बनने की संभावना
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से नया प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहता है। यदि ऐसा होता है तो वर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को हटाया जा सकता है। हिमाचल में अनुसूचित जाति के 17 विधानसभा क्षेत्र हैं और दो मंत्री इसी वर्ग से आते हैं। पार्टी इस वर्ग को संगठनात्मक नेतृत्व देना चाहती है।
विनय कुमार और विनोद सुल्तानपुरी में टक्कर
विनय कुमार श्री रेणुकाजी से विधायक हैं और वर्तमान में विधानसभा उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं। वे पहले कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और वीरभद्र सिंह सरकार में CPS भी रह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की थी।
विनोद सुल्तानपुरी कसौली से पहली बार विधायक चुने गए हैं। वे संगठन में पहले भी सक्रिय रहे हैं और मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा है।
संगठन महासचिव अध्यक्ष की पसंद का होगा
कांग्रेस के संगठन में अध्यक्ष के बाद संगठन महासचिव का पद अहम होता है। पार्टी सूत्रों की मानें तो संगठन महासचिव का चयन नए अध्यक्ष की पसंद के आधार पर किया जाएगा। साथ ही कार्यकारिणी में कुछ नए चेहरों को जगह देने पर भी सहमति बनी है।
संगठनात्मक जिलों और ब्लॉकों पर भी चर्चा
बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव को लेकर भी चर्चा हुई है। सूत्रों के अनुसार पार्टी कार्यकारिणी का आकार छोटा किया जाएगा और नए संगठनात्मक जिलों तथा ब्लॉकों का गठन कर नेताओं को वहां समायोजित किया जाएगा।
संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल
यदि विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो विधानसभा उपाध्यक्ष का पद रिक्त होगा। ऐसे में मंत्रिमंडल या अन्य संगठनात्मक पदों में बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस पर भी पार्टी स्तर पर विचार चल रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर कुछ और नामों पर भी विचार हो रहा है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान के हाथ में है। राहुल गांधी की दिल्ली वापसी के बाद प्रभारी रजनी पाटिल उन्हें पूरी जानकारी देंगी और उनके अनुमोदन के बाद ही अंतिम घोषणा की जाएगी।