सीदड़ा गांव में खुदाई के दौरान जमीन से बड़ा घड़ा निकला, जिसमें धातु के टुकड़े मिले। गड़े धन की अफवाह से भीड़ बेकाबू हो गई। पुलिस ने हालात संभालते हुए जांच शुरू कर दी है।
Rajasthan: टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र के सीदड़ा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चारागाह भूमि पर पूजा-अर्चना से जुड़ा सामान बिखरा मिला। ग्रामीणों ने इसे गड़े धन से जोड़ते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद तहसीलदार और निवाई थाना प्रभारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से खुदाई शुरू करवाई।
करीब आधे घंटे की खुदाई के बाद जमीन के अंदर से एक बड़ा घड़ा (स्थानीय भाषा में ‘चरा’) निकला। यह घड़ा करीब 2 फीट ऊंचा और डेढ़ फीट चौड़ा बताया जा रहा है, जिसका वजन लगभग 100 से 150 किलो था। घड़े के अंदर सोने जैसी दिखाई देने वाली धातु के टुकड़े पाए गए।
घड़ा निकलते ही बेकाबू हुई भीड़
घड़ा सामने आते ही मौके पर मौजूद लोगों में गड़े धन की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच गए और भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ लोग घड़े में रखी धातु को लूटकर भागने लगे।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बिखरी धातुओं को इकट्ठा कर दोबारा घड़े में रखा और भीड़ को नियंत्रित किया।
पहले भी हो चुकी थी खुदाई
पंचायत समिति सदस्य रामकिशोर मीना ने बताया कि सीदड़ा के जंगल क्षेत्र में पहले भी इस जगह पर खुदाई के निशान मौजूद थे। शनिवार को यहां फूल, अगरबत्ती और पूजा-पाठ का सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे ग्रामीणों को किसी तांत्रिक क्रिया या गुप्त खुदाई की आशंका हुई।
घड़े की खुदाई पर जांच जारी
सूचना मिलने पर निवाई थाना प्रभारी घासीराम मीना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस की 3–4 गाड़ियां तैनात की गईं। इसी दौरान सरपंच रामसहाय मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि खुदाई किसने करवाई और घड़े में मिली धातु वास्तव में क्या है। यह मामला गड़े धन से जुड़ा है या किसी अन्य उद्देश्य से घड़ा जमीन में दबाया गया था, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हैं तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।











