किराना शॉप के बाहर गोलिया चली, सामान लेने आया हुआ युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी

किराना शॉप के बाहर गोलिया चली, सामान लेने आया हुआ युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी
AI IMAGE

हजीरा थाना क्षेत्र की पीतांबरा कॉलोनी में 21 वर्षीय युवक को गोली लगने से घायल हो गया। वह दुकान पर सामान लेने गया था। पुलिस के अनुसार, पास में चल रहे झगड़े के दौरान फायरिंग हुई। जांच जारी है।

Madhya Pradesh: हजीरा थाना क्षेत्र की पीतांबरा कॉलोनी में गुरुवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाला 21 वर्षीय अजीत शर्मा, जो कि छात्र है, घर से पास की किराना दुकान पर सामान लेने गया था। उसने दुकानदार को पर्ची दी और वहीं खड़े होकर सामान निकलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ गोली चलने की आवाज आई और अजीत जमीन पर गिर पड़ा। उसके हाथ से खून बहने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक की मदद की और उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे गन शॉट इंजरी बताया और हालत गंभीर होने के कारण जेएएच ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

पास में झगड़े के दौरान चली गोली की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस जगह अजीत को गोली लगी, उससे कुछ दूरी पर कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी झगड़े के दौरान किसी युवक ने फायर किया और गोली भटककर अजीत को लग गई।

घायल अजीत ने पुलिस को बताया कि उसने फायरिंग करने वाले युवक को स्पष्ट रूप से नहीं देखा, लेकिन गोली चलने के बाद कुछ युवक तेजी से मौके से भागते नजर आए। पुलिस इस बयान को आधार बनाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, ताकि फायरिंग के जिम्मेदार और हालात का पता लगाया जा सके।

एएसपी विदिता डागर ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment