कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में कोचिंग संस्थान के बाहर दिनदहाड़े बाइक चोरी हुई। बेखौफ चोरों की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। पीड़ित ने शिकायत दी, पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
Rajasthan: यह घटना विज्ञान नगर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर तीन की है। यहां एक कोचिंग संस्थान में कार्यरत कर्मचारी विजय नागर की बाइक चोरों ने चुरा ली। विजय नागर पिछले तीन वर्षों से कोचिंग संस्थान में फैसिलिटी मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
16 दिसंबर को वह रोज की तरह अपनी बजाज डिस्कवर बाइक (नंबर RJ29 5J 0590) से कोचिंग पहुंचे थे। उन्होंने संस्थान के गेट नंबर तीन के बाहर बाइक खड़ी की और अपने काम में लग गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि दिनदहाड़े उनकी बाइक चोरी हो जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए दो बदमाश
शाम करीब 6:30 बजे जब विजय नागर घर जाने के लिए बाहर आए, तो उन्होंने देखा कि बाइक अपनी जगह पर नहीं है। पहले तो उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कोचिंग संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आया कि दो अज्ञात बदमाश एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। फुटेज के अनुसार, दोपहर करीब 2:16 बजे उनमें से एक बदमाश ने बड़ी आसानी से बाइक का लॉक खोला और विजय नागर की बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। दूसरा बदमाश पास खड़ा रहकर उसका साथ देता दिखा।
पीड़ित ने थाने में दी शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय नागर ने तुरंत विज्ञान नगर थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे।
पीड़ित का कहना है कि बाइक उनकी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बेहद जरूरी थी और दिनदहाड़े इस तरह चोरी हो जाना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
विज्ञान नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।










