पंजाब के लुधियाना पश्चिम और गुजरात के विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है।
Ludhiana Election Result 2025: पंजाब और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने दो सीटों पर जीत दर्ज कर न सिर्फ अपनी राजनीतिक वापसी की घोषणा कर दी है, बल्कि यह भी संकेत दे दिया है कि पार्टी अभी भी राष्ट्रीय राजनीति में प्रासंगिक और जीवंत बनी हुई है। लुधियाना पश्चिम (पंजाब) और विसावदर (गुजरात) की जीत से AAP के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, वहीं पार्टी नेतृत्व के लिए यह एक राजनीतिक पुनर्जन्म जैसा साबित हुआ है।
दिल्ली की हार के बाद जीत की दस्तक
AAP को इस साल की शुरुआत में दिल्ली नगर निगम और विधानसभा उपचुनावों में भारी राजनीतिक झटका लगा था। भ्रष्टाचार के आरोपों और बड़े नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पार्टी राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ती नजर आ रही थी। यहां तक कि राजनीतिक विश्लेषकों ने अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय राजनीति से लगभग बाहर मान लिया था। लेकिन अब जब गुजरात और पंजाब में हुए उपचुनाव में AAP ने जोरदार वापसी की है, तो यह नतीजे पार्टी के लिए नई जान फूंकने वाले साबित हो सकते हैं।
लुधियाना पश्चिम: कांग्रेस का गढ़ टूटा
लुधियाना पश्चिम, जो कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां से AAP के प्रत्याशी संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को हराया। इस सीट को जीतने के लिए AAP ने काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। खुद अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी।
- संजीव अरोड़ा (AAP): 35,144 वोट
- भारत भूषण आशु (कांग्रेस): 24,510 वोट
- जीवन गुप्ता (BJP): 20,299 वोट
- परोपकार सिंह (अकाली दल): 8,198 वोट
विसावदर: गुजरात में बीजेपी-कांग्रेस को चौंकाया
सबसे चौंकाने वाला नतीजा गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट से आया, जहां AAP के युवा नेता गोपाल इटालिया ने भारी अंतर से जीत हासिल की। यह सीट भाजपा विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। गोपाल इटालिया की जीत ने यह संकेत दिया है कि आप अब कांग्रेस को पछाड़ते हुए गुजरात में भी पैर जमाने की स्थिति में आ गई है।
- गोपाल इटालिया (AAP): 75,942 वोट
- किरीट पटेल (BJP): 58,388 वोट
- नितिन रणपरिया (कांग्रेस): 5,501 वोट
- कडी में झटका, पर हार में भी सबक
हालांकि गुजरात की कडी सीट पर पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां AAP तीसरे नंबर पर रही। यहां बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को हराया, जबकि आप के जगदीश चावड़ा काफी पीछे रह गए।
- राजेंद्र चावड़ा (BJP): 99,742 वोट
- रमेश चावड़ा (कांग्रेस): 60,290 वोट
- जगदीश चावड़ा (AAP): 3,090 वोट
दिल्ली में AAP के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, कुछ लोग कहते थे कि आप खत्म हो जाएगी। लेकिन ये उपचुनाव नतीजे बताते हैं कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति अब भी जिंदा और प्रासंगिक है। वहीं वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने पोस्ट किया, “पंजाब में सेमीफाइनल की जीत हो गई है, अब फाइनल की बारी है।