महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। अपने संदेश की शुरुआत उन्होंने ‘सस्नेह जय महाराष्ट्र’ से की और मनसे व शिवसेना के सभी निर्वाचित नगरसेवकों को दिल से बधाई दी।
मुंबई: महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से चुनाव परिणामों को स्वीकार करते हुए कार्यकर्ताओं के संघर्ष की खुलकर सराहना की और साफ शब्दों में कहा कि मराठी मानुष, मराठी भाषा और मराठी अस्मिता की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
अपने संदेश की शुरुआत उन्होंने पारंपरिक अंदाज़ में ‘सस्नेह जय महाराष्ट्र’ कहकर की। इसके बाद उन्होंने मनसे और शिवसेना के सभी निर्वाचित नगरसेवकों को दिल से बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की।
‘यह चुनाव आसान नहीं था’ – राज ठाकरे

राज ठाकरे ने कहा कि इस बार का नगर निगम चुनाव बेहद कठिन परिस्थितियों में लड़ा गया। उन्होंने लिखा कि यह मुकाबला केवल राजनीतिक दलों के बीच नहीं था, बल्कि अपार धनशक्ति और सत्ता के प्रभाव के खिलाफ शिवशक्ति की लड़ाई थी। ऐसे माहौल में भी मनसे और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से जमीनी स्तर पर संघर्ष किया, वह काबिल-ए-तारीफ है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह समर्पण और संघर्ष पार्टी की असली ताकत है और इसी से संगठन आगे बढ़ता है। राज ठाकरे ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि इस बार मनसे को चुनावों में वह सफलता नहीं मिल सकी, जिसकी उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि इसका दुख जरूर है, लेकिन हम हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि जो नगरसेवक चुने गए हैं, वे अपने-अपने क्षेत्रों में सत्ताधारी दलों के लिए एक मजबूत और प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। राज ठाकरे ने यह भी कहा कि अगर कहीं भी मराठी मानुष के अधिकारों पर हमला होता है, तो मनसे के निर्वाचित प्रतिनिधि पूरी ताकत से उसका जवाब देंगे।
मराठी भाषा और अस्मिता के लिए संघर्ष जारी
मनसे प्रमुख ने दोहराया कि उनकी पार्टी की लड़ाई किसी एक चुनाव तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि मराठी मानुष, मराठी भाषा, मराठी अस्मिता और एक समृद्ध महाराष्ट्र के लिए संघर्ष ही मनसे का अस्तित्व है। ऐसी लड़ाइयाँ लंबी होती हैं और इसके लिए धैर्य, आत्मविश्लेषण और निरंतर मेहनत की आवश्यकता होती है।
राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि चुनाव में कहां चूक हुई, किन क्षेत्रों में कमी रह गई और आगे संगठन को कैसे मजबूत किया जाए—इसका गहराई से विश्लेषण किया जाएगा और उस पर सामूहिक रूप से काम होगा। राज ठाकरे ने अपने संदेश में सत्ताधारी दलों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चाहे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) हो या महाराष्ट्र का कोई और हिस्सा, सत्ताधारी और उनके संरक्षण में रहने वाले लोग मराठी मानुष को दबाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते।











