मकान मालिक के बेटे ने खेल-खेल में चलाई गोली, नाबालिग की जान गई

मकान मालिक के बेटे ने खेल-खेल में चलाई गोली, नाबालिग की जान गई
AI IMAGE

मुरैना के पोरसा में खेलते समय 14 साल के नाबालिग से राइफल चल गई, जिससे 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने राइफल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पोरसा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में शनिवार रात बच्चों के खेलते समय अचानक गोली चल गई। गोली 7 साल के मासूम बच्चे के सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना उस समय हुई, जब एक घर में किराएदार और मकान मालिक के बच्चे आपस में खेल रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खेल के दौरान यह मस्ती एक जानलेवा हादसे में बदल जाएगी।

कमरे में टंगी राइफल से चली गोली 

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे किराएदार धर्मराज सिंह तोमर का बेटा ऋषभ तोमर (7) मकान मालिक के दो बेटों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में खेल रहा था। कमरे में ही मकान मालिक के पिता की 315 बोर की लाइसेंसी राइफल दीवार पर टंगी हुई थी।

खेल के दौरान मकान मालिक के 14 साल के बेटे ने राइफल को दीवार से उतार लिया। वह राइफल से खेलने लगा और इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली सीधे ऋषभ के सिर में लगी, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गोली चलने की तेज आवाज सुनकर घर के अन्य लोग और आसपास के लोग तुरंत ऊपर पहुंचे। कमरे में देखा तो ऋषभ खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। सिर में गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी जान नहीं बच सकी।

पिता के पास थी लाइसेंसी राइफल

पुलिस के अनुसार, नाबालिग बच्चे के पिता प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड हैं। इसी कारण उनके पास 315 बोर की लाइसेंसी राइफल है। वे एक दिन पहले ही छुट्टी लेकर पोरसा आए थे।

शनिवार सुबह वे राइफल घर पर रखकर गांव धरमपुरा चले गए थे। रात के समय घर पर बच्चे मौजूद थे और उसी दौरान यह हादसा हो गया। राइफल का बच्चों की पहुंच में होना इस हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक ऋषभ के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि गोली किसी दूसरी राइफल से चली है और मकान मालिक उस राइफल को लेकर फरार हो गया।

हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चों के खेलते समय गलती से गोली चली है। फिर भी मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने मौके से लाइसेंसी राइफल जब्त कर ली है और नाबालिग के पिता को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पोरसा की मर्चुरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment