रींगस में तेज रफ्तार कार ने बाजार क्षेत्र में तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर घायल हुआ। चालक कार सहित फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से बोनट और नंबर प्लेट बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
Sikar: रींगस में बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक तेज रफ्तार कार ने मकर संक्रांति के मौके पर बाजार में घूम रहे लोगों को टक्कर मार दी। त्योहार के कारण बाजार में काफी भीड़ थी। कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अलग-अलग जगहों पर तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पहले दो बुजुर्गों को मारी टक्कर
कार ने सबसे पहले रामानंद पाठशाला सड़क मार्ग पर कानूनगो कुएं के पास दो बुजुर्गों को टक्कर मार दी। घायल हुए लोगों की पहचान मोहन लाल जांगिड़ (65) और प्रेमचंद जांगिड़ (75) के रूप में हुई है। दोनों बालेश्वर मोहल्ला, वार्ड नंबर 20, रींगस के निवासी हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि प्रेमचंद अपनी बीमार बेटी के लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहे थे। उनके साथ मोहन लाल जांगिड़ भी थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
आजाद चौक में तीसरा हादसा

पहले हादसे के बाद कार रुकी नहीं। तेज रफ्तार कार आजाद चौक की ओर बढ़ी, जहां कांसिका वाली ढाणी तन रींगस निवासी 35 वर्षीय राजू कुमावत को टक्कर मार दी। राजू को भी गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान प्रेमचंद जांगिड़ की हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर जयपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज रींगस अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर मारने के बाद कार चालक सिटी स्टैंड से आजाद चौक होते हुए किशनमानुपरा नांगल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पार्षद हरदयाल सिंह बलोदा और जनसेवक राकेश अग्रवाल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि घोड़ेला वाली क्षेत्र से भी इसी कार द्वारा लोगों को टक्कर मारने की जानकारी मिली है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कार का क्षतिग्रस्त बोनट और नंबर प्लेट बरामद कर ली है। पुलिस अब इन सबूतों के आधार पर फरार कार और चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।











