Columbus

PM मोदी को गाली देने पर तेजस्वी और RJD विधायक पर FIR, BJP ने की सख्त कार्रवाई की मांग

PM मोदी को गाली देने पर तेजस्वी और RJD विधायक पर FIR, BJP ने की सख्त कार्रवाई की मांग

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वैशाली में हुई बिहार अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को गोली मारने की धमकी देने के मामले में सियासी घमासान तेज हो गया है। 

पटना: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद विधायक मुकेश कुमार रोशन के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को गाली देने के आरोप में FIR दर्ज कराई गई है। यह मामला तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान वैषाली में आयोजित जनसभा से जुड़ा है, जिसमें कथित रूप से प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया।

इस FIR को भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने पटना के गांधी मैदान थाना में दर्ज कराया। कृष्ण सिंह कल्लू का आरोप है कि तेजस्वी यादव के सामने उनके समर्थकों ने प्रधानमंत्री मोदी और उनकी माता को गाली दी, जो एक निंदनीय और अस्वीकार्य कृत्य है।

भाजपा ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा, तेजस्वी यादव के सामने उनके गुंडों ने प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय माता को गाली देकर बहुत बड़ा महापाप किया है। बार-बार प्रधानमंत्री और माताजी को गाली देकर यह लोग अनर्थ कर रहे हैं। यह न सिर्फ बिहार की सभ्यता का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ भी है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। भाजपा नेता ने यह भी चेतावनी दी कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का जवाब

भाजपा के आरोपों पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इसे राजनीतिक प्रपंच करार दिया। राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा, तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा को मिले अभूतपूर्व समर्थन से भाजपा घबरा गई है। यात्रा में उठाए जा रहे मुद्दों पर भाजपा और उसके सहयोगी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए, ध्यान भटकाने और विपक्ष को बदनाम करने के लिए भाजपा कुचक्र और प्रपंच कर रही है। बिहार की जनता इसे समझ चुकी है।”

राजद का कहना है कि उनकी यात्रा का मकसद बुनियादी जन समस्याओं को उठाना और जनता तक अपनी बात पहुँचाना है। उनका दावा है कि भाजपा द्वारा FIR कराए जाने का उद्देश्य राजनीतिक लाभ उठाना और तेजस्वी यादव के प्रभाव को कम करना है।

Leave a comment