लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देश की चुनावी प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर तीखा रुख अपनाया है। दिल्ली में आयोजित वार्षिक लीगल कॉन्क्लेव 2025 में बोलते हुए उन्होंने चुनाव व्यवस्था पर गहरा संदेह जताया।
Annual Legal Conclave: राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित वार्षिक लीगल कॉन्क्लेव 2025 में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की चुनाव प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने न केवल चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर निशाना साधा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 के आम चुनाव में मिले बहुमत पर भी संदेह जताया।
कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी, प्रियंका गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चुनाव प्रणाली खत्म हो चुकी है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, भारत की चुनाव प्रणाली अब निष्पक्ष नहीं रह गई है। जब मैं कहता हूं कि भारत में चुनाव प्रणाली खत्म हो चुकी है, तो मेरे पास इसके सबूत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से ही चुनावों में गड़बड़ी हो रही है, लेकिन इसका असली प्रमाण उन्हें हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान मिला।
राहुल के अनुसार, लोकसभा चुनाव के बाद केवल चार महीनों में महाराष्ट्र में एक करोड़ नए मतदाता सूची में जोड़े गए, जिनमें से अधिकतर ने भाजपा को वोट दिया। यह आकस्मिक नहीं हो सकता। हमने छह महीने तक इसकी गहराई से जांच की और अब हमारे पास प्रमाण हैं।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था अब निष्क्रिय हो चुकी है। उन्होंने कहा, हमने पाया कि कैसे 6.5 लाख मतदाताओं में से 1.5 लाख फर्जी निकले। यह सामान्य चूक नहीं, बल्कि लोकतंत्र के साथ किया गया गंभीर खिलवाड़ है। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी सबूतों के साथ देश को यह दिखाएगी कि कैसे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।
राहुल गांधी ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा, “2024 के आम चुनाव में अगर केवल 15 सीटों पर धांधली नहीं होती, तो नरेंद्र मोदी आज देश के प्रधानमंत्री नहीं होते।” उन्होंने आरोप लगाया कि बहुमत की पूरी वैधता संदेह के घेरे में है।
राजस्थान, गुजरात, एमपी में कांग्रेस को एक भी सीट न मिलना हैरानी भरा
राहुल गांधी ने पिछले वर्षों के विधानसभा चुनावों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे बड़े राज्यों में कांग्रेस का खाता तक न खुलना संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा, इतनी बड़ी संख्या में भाजपा की जीत होना और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी का एक भी सीट न जीत पाना, लोकतांत्रिक संतुलन के विरुद्ध है।
राहुल गांधी ने कार्यक्रम में भारतीय संविधान की एक प्रति दिखाते हुए कहा, “आज संविधान और उसमें निहित लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला हो रहा है। चुनाव प्रणाली पर भरोसा नहीं बचा है। जब तक चुनाव पारदर्शी नहीं होंगे, तब तक संविधान की रक्षा अधूरी रहेगी।