थकान, कमजोरी और पेट दर्द को न करें अनदेखा, लिवर की गंभीर बीमारी का हो सकता है संकेत

थकान, कमजोरी और पेट दर्द को न करें अनदेखा, लिवर की गंभीर बीमारी का हो सकता है संकेत

हेपेटाइटिस बी एक साइलेंट लेकिन गंभीर लिवर संक्रमण है, जो शुरुआती दौर में बिना लक्षणों के फैलता है। डॉक्टरों के अनुसार, देर से पहचान होने पर यह लिवर को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। समय पर जांच, टीकाकरण और जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे सुरक्षित तरीका है।

Hepatitis B Warning: थकान, कमजोरी और पेट दर्द जैसे सामान्य दिखने वाले लक्षण एक गंभीर लिवर बीमारी का संकेत हो सकते हैं। सर गंगाराम अस्पताल के विशेषज्ञों के मुताबिक, हेपेटाइटिस बी के मामले हाल के वर्षों में तेजी से बढ़े हैं। यह बीमारी संक्रमित खून, असुरक्षित संबंध और मां से बच्चे में फैलती है। चिंता की बात यह है कि ज्यादातर मरीज लक्षण न होने के कारण देर से इलाज कराते हैं, जिससे लिवर डैमेज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। समय पर जांच और वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है।

कैसे फैलता है हेपेटाइटिस बी?

हेपेटाइटिस बी संक्रमित खून और शरीर के फ्लुइड्स के संपर्क में आने से फैलता है। अगर संक्रमित व्यक्ति का खून किसी दूसरे व्यक्ति को चढ़ा दिया जाए, तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा असुरक्षित यौन संबंध और संक्रमित मां से बच्चे को यह बीमारी लग सकती है। ज्यादा शराब पीने और नशीली दवाओं का सेवन करने वालों में इसका जोखिम और बढ़ जाता है।

इन लक्षणों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को लगातार तीन-चार दिनों तक थकान, कमजोरी, पेट दर्द, स्किन पर खुजली या उलझन बनी रहती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये हेपेटाइटिस बी के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। समय पर जांच और इलाज शुरू हो जाए तो लिवर को होने वाले बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।

हेपेटाइटिस बी से बचाव कैसे करें?

डॉक्टरों का कहना है कि इस बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे सुरक्षित तरीका है। इसके अलावा असुरक्षित यौन संबंध से बचें, किसी का भी खून चढ़वाने से पहले पूरी जांच कराएं और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। पेट दर्द और लगातार थकान को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

हेपेटाइटिस बी धीरे-धीरे लिवर को नुकसान पहुंचाने वाली खतरनाक बीमारी है, जो बिना लक्षणों के भी फैल सकती है। जागरूकता, समय पर जांच और वैक्सीनेशन ही इससे बचाव का सबसे मजबूत तरीका है। अगर शरीर लगातार संकेत दे रहा है, तो देरी न करें और तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करें।

Leave a comment