दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना घाटों की सफाई को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) आमने-सामने आ गई हैं। AAP के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए इसे “राजनीतिक नौटंकी” और “हताशा का मॉडल” बताया।
नई दिल्ली: दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। AAP ने जहां बीजेपी पर कृत्रिम घाट बनवाने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया, वहीं बीजेपी ने इसे "राजनीतिक नौटंकी" बताते हुए पलटवार किया।
यमुना किनारे कृत्रिम घाट पर उठा विवाद
AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने यमुना किनारे वासुदेव घाट से सटे एक कृत्रिम घाट का वीडियो जारी करते हुए कहा कि यह श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ है। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए विशेष घाट बनाया गया है, जबकि आम लोग दूषित यमुना में ही पूजा करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि घाट में सोनिया विहार से पाइपलाइन द्वारा गंगा का शुद्ध पानी लाया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री और विशिष्ट लोगों के लिए आरक्षित होगा। भारद्वाज ने कहा कि यह सरकार दिखावे के लिए सफाई अभियान चला रही है, लेकिन असलियत में यमुना का जल आज भी प्रदूषित है।
कृत्रिम घाट पर सफाई पर BJP का पलटवार

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सौरभ भारद्वाज के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब विकास नहीं, बल्कि “राजनीतिक हताशा” का प्रतीक बन चुकी है। बीजेपी ने आठ महीनों में यमुना घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित किया है, जिससे श्रद्धालुओं को असली राहत मिली है।
सचदेवा ने तंज कसते हुए कहा, “देश में विपक्ष विकास की कमी पर सवाल उठाता है, लेकिन दिल्ली में विपक्ष सफाई पर नाराज़ है।” उन्होंने आरोप लगाया कि “AAP” केवल विवाद पैदा कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है।
AAP सरकार पर छठ पूजा रोकने का आरोप
बीजेपी ने यह भी कहा कि केजरीवाल सरकार के दौरान 2018 से 2024 तक बिना किसी ठोस कारण के छठ पूजा पर रोक लगाई गई थी। इससे दिल्ली के पूर्वांचल समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची थी। अब जब रेखा गुप्ता सरकार ने घाटों की सफाई और सुरक्षा बहाल की है, तो “AAP” को यह नागवार गुजर रहा है।
वीरेंद्र सचदेवा ने सवाल उठाया कि आखिर वह कौन-सा प्रशासनिक कारण था जिसके चलते छह वर्षों तक छठ पूजा पर रोक लगी रही? उन्होंने कहा कि दिल्ली का बिहार समाज अब इन सवालों के जवाब चाहता है।
शंकर कपूर ने सौरभ भारद्वाज पर तंज कसा
बीजेपी मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने सौरभ भारद्वाज पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने “मनगढ़ंत कहानियों” का नया संस्करण जारी किया है। कपूर ने कहा कि छठ व्रत आस्था, स्वच्छता और अनुशासन का पर्व है, इसे राजनीतिक विवाद का केंद्र नहीं बनाना चाहिए।
बीजेपी ने दावा किया कि इस बार सभी यमुना घाटों पर स्वच्छ जल, बिजली, प्रकाश और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की गई है। पार्टी ने AAP से अपील की कि वह धार्मिक पर्वों को सियासत का मंच न बनाए और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करे।












