भारत इस साल 30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक शतरंज विश्व कप की मेजबानी करने जा रहा है। इसकी आधिकारिक घोषणा विश्व शतरंज संघ (फिडे) ने सोमवार को की है।
Chess World Cup 2025: शतरंज प्रेमियों के लिए भारत से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विश्व शतरंज संगठन (FIDE) ने घोषणा की है कि भारत इस साल 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक शतरंज विश्व कप (Chess World Cup 2025) की मेजबानी करेगा। भारत में यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट करीब 23 साल बाद आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले 2002 में हैदराबाद में शतरंज विश्व कप खेला गया था, जिसमें विश्वनाथन आनंद विजेता बने थे।
कहां होगा आयोजन, जल्द होगी घोषणा
फिलहाल फिडे ने आयोजन स्थल (Host City) का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह साफ कर दिया गया है कि भारत में ही इस टूर्नामेंट का आयोजन होगा। मेजबान शहर की घोषणा आगामी हफ्तों में कर दी जाएगी। फिडे के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने प्रेस रिलीज में कहा, हम भारत में 2025 के फिडे विश्व कप के आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। भारत एक ऐसा देश है जहां शतरंज के लिए जुनून चरम पर है।
इस टूर्नामेंट में दुनिया के 206 खिलाड़ी भाग लेंगे, जो न सिर्फ इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, बल्कि 2026 फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालिफिकेशन के लिए भी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
प्रतियोगिता का प्रारूप (Format)
- टूर्नामेंट नॉकआउट फॉर्मेट में खेला जाएगा।
- हर राउंड के बाद हारने वाला खिलाड़ी बाहर हो जाएगा।
- शीर्ष तीन खिलाड़ी सीधे 2026 के फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करेंगे।
भारत के स्टार खिलाड़ी करेंगे हिस्सा
इस टूर्नामेंट में भारत के तीन मौजूदा स्टार खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिनसे भारतीय फैंस को काफी उम्मीदें होंगी।
- डी गुकेश - वर्तमान विश्व शतरंज चैंपियन
- आर प्रज्ञानानंद - विश्व कप 2023 के उपविजेता
- अर्जुन एरिगैसी - वर्तमान विश्व रैंकिंग - 5वें स्थान
ये तीनों युवा खिलाड़ी इस समय विश्व शतरंज में भारत का परचम बुलंद कर रहे हैं और आगामी विश्व कप में भी उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
भारत में शतरंज के बढ़ते कदम
भारत में शतरंज की लोकप्रियता बीते कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। विश्वनाथन आनंद के बाद डी गुकेश, प्रज्ञानानंद और अर्जुन एरिगैसी जैसे युवा सितारों के शानदार प्रदर्शन से देश में इस खेल के प्रति जुनून और भी गहरा हुआ है। ओलंपिक में भी शतरंज को शामिल कर लिया गया है, जिससे यह खेल और अधिक वैश्विक बन गया है। भारत में इसके फैंस तेजी से बढ़ रहे हैं और इसी को देखते हुए फिडे ने भारत को इस टूर्नामेंट की मेजबानी सौंपी है।