Pune

हरियाणा में कानून व्यवस्था पर सुरजेवाला का हमला: कहा- 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' बन गया है राज्य

हरियाणा में कानून व्यवस्था पर सुरजेवाला का हमला: कहा- 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' बन गया है राज्य

हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था फेल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजाना 45 लोगों का अपहरण हो रहा है।

Haryana: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हरियाणा आज माफिया और गैंगस्टर राज में तब्दील हो चुका है। सुरजेवाला ने अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की नाकामी के कारण आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

एनसीआरबी और जिलेवार आंकड़े पेश किए

रणदीप सुरजेवाला ने अपराध से जुड़े कई आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट और मीडिया रिपोर्ट्स से साफ है कि हरियाणा में हत्या, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं।

बताया कि जनवरी से मार्च 2025 तक यानी केवल तीन महीनों में राज्य में 4,137 अपहरण के मामले सामने आए। इसका मतलब है कि हर दिन औसतन 45 लोग लापता हो रहे हैं। सिर्फ करनाल जिले से ही 872 लोग गायब हुए हैं।

जिलेवार हत्या के आंकड़े भी चिंताजनक

सुरजेवाला ने बताया कि पिछले सात महीनों में:

  • फरीदाबाद में 41 हत्याएं
  • गुरुग्राम में 38
  • जींद में 38
  • पानीपत में 25
  • कैथल में 21
  • करनाल में 20
  • कुरुक्षेत्र में 18
  • यमुनानगर में 15
  • सिरसा में 11

यह आंकड़े इस बात की ओर इशारा करते हैं कि पूरे राज्य में अपराध बेलगाम होता जा रहा है।

सरकार को बताया जिम्मेदार

सुरजेवाला ने सीधे तौर पर हरियाणा की भाजपा सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था इतनी कमजोर हो गई है कि अगर भगवान भी यहां आ जाएं, तो उन्हें भी Z+ सुरक्षा देने की जरूरत पड़ जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों से लेकर व्यापारी, राजनेता और यहां तक कि पुलिस अधिकारी भी असुरक्षित हैं।

गैंग्स का विदेशी लिंक और सरकार की चुप्पी

उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा, दुबई और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से कई गैंग हरियाणा में सक्रिय हैं। खुद प्रदेश सरकार ने हाल ही में एक बैठक में स्वीकार किया था कि हरियाणा में करीब 80 गैंग सक्रिय हैं। यदि सरकार और पुलिस ईमानदारी से काम करें तो इन गैंग्स पर तुरंत कार्रवाई संभव है। उन्होंने कहा कि एक वायरल वीडियो में डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी को भाजपा नेता से माफी मांगते हुए देखा गया, जो दर्शाता है कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव है और उसका मनोबल गिर रहा है।

राजनीतिक दलों को भी मिल रही हैं धमकियां

सुरजेवाला ने कहा कि अपराध केवल आम जनता तक सीमित नहीं है। राजनीतिक नेताओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अभय सिंह चौटाला को मिली धमकी को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि उनका राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

 

Leave a comment