Columbus

लंदन में शरिया कानून आरोपों पर ट्रंप-सादिक खान विवाद, मुस्लिम संगठन ने किया पलटवार

लंदन में शरिया कानून आरोपों पर ट्रंप-सादिक खान विवाद, मुस्लिम संगठन ने किया पलटवार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने UNGA में लंदन के मेयर सादिक खान पर शरिया कानून लागू करने का आरोप लगाया। खान ने पलटवार किया और कहा कि उनका ध्यान शहर के विकास, सुरक्षा और सभी समुदायों के अधिकारों पर है।

न्यूयॉर्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में लंदन के मेयर सादिक खान को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि लंदन के मेयर शहर में शरिया कानून लागू करना चाहते हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी सादिक खान की कार्यशैली को विवादित मानते हुए की।

शरिया कानून इस्लामी कानून है, जो कुरान और हदीस पर आधारित है। कुछ मुस्लिम बहुल देशों में यह लागू है और यह विवादित माना जाता है। इसे अक्सर व्यक्तियों, खासकर महिलाओं की स्वतंत्रता पर पाबंदियों से जोड़ा जाता है।

ट्रंप का आरोप

ट्रंप ने कहा, 'लंदन में बहुत अजीब सा मेयर है। आज जब मैं लंदन को देखता हूं, तो पाता हूं कि यह शहर पूरी तरह बदल चुका है। अब वे वहां शरिया कानून लागू करना चाहते हैं। लेकिन याद रखना चाहिए कि आप किसी दूसरे देश में हैं और यहां ऐसा काम नहीं कर सकते।'

यूरोप की नीतियों पर हमला

ट्रंप ने यूरोप की इमिग्रेशन और ऊर्जा नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, 'प्रवासन और यूरोप की आत्मघाती ऊर्जा नीतियां पश्चिमी यूरोप के लिए खतरा हैं। यदि तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति लंबे समय तक नहीं चल सकती।' उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगठनों पर भी आरोप लगाया कि वे पश्चिमी देशों और उनकी सीमाओं पर हमले को फंड कर रहे हैं।

सादिक खान ने पलटवार किया

ट्रंप की टिप्पणी के बाद लंदन के मेयर सादिक खान ने पलटवार किया। उनके प्रवक्ता ने बयान दिया कि ट्रंप के बयानों में नफरत और पक्षपात है। उन्होंने कहा, 'लंदन दुनिया का सबसे महान शहर है, जो अमेरिका के बड़े शहरों से भी ज्यादा सुरक्षित है। यहां रिकॉर्ड संख्या में अमेरिकी नागरिक बस रहे हैं।'

मुस्लिम ग्रुप का समर्थन

ब्रिटेन की सत्ताधारी लेबर पार्टी के सांसद वेस स्ट्रेटिंग ने भी मेयर खान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सादिक खान शरिया कानून लागू करने की कोशिश नहीं कर रहे। वे विविधता और समानता को बढ़ावा देते हैं और शहर के परिवहन, वायु गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और अवसरों में सुधार पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

मुस्लिम काउंसिल ऑफ ब्रिटेन ने भी ट्रंप पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वे ट्रंप की स्वास्थ्य और भलाई के लिए दुआ कर रहे हैं क्योंकि उनकी भ्रमित स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।

ट्रंप और खान का पुराना विवाद

ट्रंप और सादिक खान के बीच यह विवाद नया नहीं है। दोनों के बीच कई सालों से तीखी बयानबाजी चल रही है। हाल ही में ब्रिटेन की यात्रा के दौरान ट्रंप ने खुलासा किया कि उन्होंने खान को विंडसर कैसल में शाही भोज के लिए आमंत्रित न करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि मैं नहीं चाहता था कि वे वहां उपस्थित हों।

ट्रंप ने सादिक खान को 'दुनिया के सबसे खराब मेयरों में से एक' बताया। उन्होंने प्रवासन, अपराध और सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दों पर उनके काम को बेहद खराब करार दिया। उन्होंने लंदन में बढ़ते चाकू अपराध, गंदगी और कचरे को भी लेकर मेयर खान की आलोचना की।

Leave a comment