Columbus

नेपाल: सुशीला कार्की की सरकार में मंत्रियों के नाम लगभग तय, राष्ट्रपति को भेजी गई नई कैबिनेट की सूची

नेपाल: सुशीला कार्की की सरकार में मंत्रियों के नाम लगभग तय, राष्ट्रपति को भेजी गई नई कैबिनेट की सूची

नेपाल में सुशीला कार्की की अंतरिम सरकार के मंत्रियों के नाम लगभग तय हो गए हैं। ओमप्रकाश अर्याल गृह मंत्री, रामेश्वर खनाल वित्त मंत्री, कुलमान घीसिंग ऊर्जा मंत्री और बालानंद शर्मा रक्षा मंत्री बन सकते हैं। 

Nepal: नेपाल में राजनीतिक बदलाव के बीच सुशीला कार्की ने प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। इसके बाद अब उनकी अंतरिम सरकार के मंत्रियों के नाम भी लगभग तय हो चुके हैं। यह सरकार अस्थायी रूप से नेपाल के राजनीतिक संकट को संभालने के लिए बनाई जा रही है। नेपाल के राष्ट्रपति भवन (शीतल निवास) के सूत्रों के अनुसार चार प्रमुख मंत्रियों के नाम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को भेजे गए हैं।

सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रियों की घोषणा के साथ ही नेपाल की राजनीतिक अस्थिरता धीरे-धीरे खत्म होने की दिशा में बढ़ रही है। शपथ ग्रहण की संभावना आज सोमवार, यानि 15 सितंबर को जताई जा रही है।

प्रमुख मंत्रियों की संभावित सूची

ओमप्रकाश अर्याल - गृह मंत्री

ओमप्रकाश अर्याल सुशीला कार्की के भरोसेमंद हैं और सुप्रीम कोर्ट के चर्चित वकील माने जाते हैं। उन्होंने पिछली सरकारों के खिलाफ 50 से अधिक पेटिशन दायर किए हैं। अब वे गृह मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।

रामेश्वर खनाल - वित्त मंत्री

रामेश्वर खनाल नेपाल के पूर्व वित्त सचिव रह चुके हैं। उन्हें आर्थिक सुधारों का विशेषज्ञ माना जाता है। वित्त मंत्री बनने के बाद वे नेपाल की आर्थिक नीतियों और सुधारों में अहम भूमिका निभाएंगे।

कुलमान घीसिंग - ऊर्जा मंत्री

कुलमान घीसिंग नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व महानिदेशक हैं। नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र में सुधार और विकास के लिए उन्हें जाना जाता है। उन्होंने भारत के साथ हुए 10 हजार मेगावाट बिजली व्यापार समझौते में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऊर्जा मंत्री बनने के बाद वे नेपाल की बिजली और ऊर्जा नीतियों को मजबूत करेंगे।

बालानंद शर्मा - रक्षा मंत्री

बालानंद शर्मा नेपाली सेना के रिटायर्ड लेफ्टीनेंट जेनरल हैं। उन्होंने माओवादी लड़ाकुओं को नेपाली सेना में समायोजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रक्षा मंत्री बनने के बाद वे नेपाल की सेना और सुरक्षा नीतियों में योगदान देंगे।

असीम मान सिंह बस्नेत - संभावित मंत्री

असीम मान सिंह बस्नेत नेपाल में फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और यातायात मंत्री बनने की संभावना रखते हैं। वे शेयर राइडिंग पठाओ के संस्थापक हैं और व्यावसायिक दृष्टि से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में मदद करेंगे।

पारस खड़का - युवा एवं खेलकूद मंत्री

नेपाली क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान पारस खड़का को युवा एवं खेलकूद मंत्रालय का जिम्मा मिलने की संभावना है। उनका अनुभव खेल और युवा विकास में सरकार के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

शपथ ग्रहण की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और सुशीला कार्की के बीच मंत्रियों की सूची पर अंतिम चर्चा हो रही है। अन्य मंत्रियों के नाम पर बाद में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

नेपाल की अंतरिम सरकार का उद्देश्य राजनीतिक स्थिरता लाना और देश के प्रशासनिक कामकाज को सुचारू करना है। वर्तमान सरकार में अनुभव वाले नेताओं को शामिल कर प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a comment