Columbus

PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी के लिए भारत ने बेल्जियम को भेजा पत्र, जानें वजह

PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी के लिए भारत ने बेल्जियम को भेजा पत्र, जानें वजह

मेहुल चोकसी पीएनबी घोटाले में आरोपी हैं और बेल्जियम जेल में बंद हैं। भारत सरकार ने प्रत्यर्पण पर उसकी सुरक्षित हिरासत और सुविधाओं का आश्वासन बेल्जियम को दिया। सुनवाई सितंबर के दूसरे हफ्ते में होगी।

Mehul Choksi News: मेहुल चोकसी का नाम भारत के सबसे बड़े बैंक घोटालों में शामिल है। वह पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के 13,000 करोड़ रुपये के घोटाले में आरोपी हैं। इस मामले में उनका भांजा नीरव मोदी भी मुख्य आरोपी है। 

नीरव मोदी फिलहाल लंदन की जेल में बंद हैं और भारत प्रत्यर्पण का विरोध कर रहे हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने PNB की मुंबई ब्रैडी हाउस शाखा के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoUs) जारी किए और भारी रकम विदेश भेजी।

बेल्जियम में गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार ने चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से बेल्जियम सरकार को लिखे पत्र में यह बताया गया कि मेहुल चोकसी को भारत प्रत्यर्पित किए जाने पर किन परिस्थितियों में रखा जाएगा।

भारत सरकार ने बेल्जियम को क्या दिया आश्वासन

भारत सरकार ने बेल्जियम के न्याय मंत्री को पत्र भेजकर आश्वासन दिया है कि मेहुल चोकसी को सॉलिटरी कंफाइन्मेंट में नहीं रखा जाएगा। इसके बजाय उसे बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा, जो ज्यादा भीड़भाड़ वाला नहीं है। इस बैरक में चोकसी को सुरक्षा और निगरानी के साथ रहने की व्यवस्था होगी।

पत्र में यह भी बताया गया कि चोकसी को बैरक में कम से कम 3 वर्ग मीटर का व्यक्तिगत स्थान मिलेगा। बैरक में फर्नीचर, गद्दा, तकिया, चादर और कंबल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। अगर आवश्यक हो, तो चिकित्सकीय कारणों से बिस्तर की सुविधा भी दी जाएगी।

रोजमर्रा की सुविधाएँ

मेहुल चोकसी को प्रतिदिन साफ पानी, पर्याप्त भोजन और चौबीस घंटे चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उसे रोजाना शौचालय और स्नान की सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा, प्रतिदिन कम से कम एक घंटे का व्यायाम और मनोरंजन की अनुमति होगी।

बैरक में पर्याप्त रोशनी, हवा और व्यक्तिगत सामान रखने की जगह भी चोकसी को मिलेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जेल में उसकी हिरासत मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो।

भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया

भारत सरकार ने बेल्जियम से चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए लगातार संपर्क बनाए रखा है। बेल्जियम ने इस साल अप्रैल में भारत के अनुरोध पर मेहुल चोकसी को गिरफ्तार किया था। तब से वह एंटवर्प की जेल में बंद हैं।

सूत्रों के अनुसार, मेहुल चोकसी की भारत प्रत्यर्पण की सुनवाई सितंबर के दूसरे हफ्ते में होने वाली है। भारत की ओर से बेल्जियम सरकार को यह भरोसा दिलाया गया है कि प्रत्यर्पण के बाद चोकसी की हिरासत सुरक्षित, संरक्षित और उचित परिस्थितियों में होगी।

Leave a comment