Columbus

प्रशांत किशोर ने रेवंत रेड्डी और राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा – 'लाठी लेकर दौड़ाएंगे लोग'

प्रशांत किशोर ने रेवंत रेड्डी और राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा – 'लाठी लेकर दौड़ाएंगे लोग'

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार दौरे के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पीके ने कहा कि रेवंत रेड्डी बिहार में कोई औकात नहीं रखते और लोग उन्हें लाठी लेकर दौड़ा देंगे। उन्होंने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को बेकार बताते हुए असली मुद्दों – बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार – पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई।

पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने बिहार दौरे के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। पीके ने सवाल उठाया, "रेवंत रेड्डी कौन हैं और उनकी बिहार में क्या औकात है?" उनका कहना है कि बिहार के मुद्दों को समझने के बजाय कुछ नेता केवल राजनीति और विवाद फैलाने का काम कर रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने साफ कहा कि अगर रेवंत रेड्डी बिहार के किसी गांव में जाते हैं, तो स्थानीय लोग लाठी लेकर उन्हें दौड़ा सकते हैं। उनके अनुसार, बिहार के लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है और यह रवैया कांग्रेस नेतृत्व की मानसिकता को दर्शाता है।

रेवंत रेड्डी के विवादित बयान पर विवाद

पीके ने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी बिहार को अपमानित करने वाले बयान देते हैं और इसे लेकर भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ऐसे नेताओं को अपने साथ लेकर घूम रहे हैं, जो बिहार की असली समस्याओं से ध्यान भटकाने का काम करते हैं।”

प्रशांत किशोर ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बिहार दौरे पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि बिहार की समस्याओं पर चर्चा के लिए बिहार के नेताओं को ही जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। बाहरी राज्यों के मुख्यमंत्री बिहार आएं या न आएं, इससे कोई वास्तविक बदलाव नहीं होगा।

प्रशांत किशोर ने 'वोटर अधिकार यात्रा' को लेकर निशाना साधा

प्रशांत किशोर ने इंडिया गठबंधन की 'वोटर अधिकार यात्रा' पर भी तंज कसा। उनका कहना था कि बिहार को बेरोजगारी और पलायन जैसी असली समस्याओं पर ध्यान देने वाली यात्रा की जरूरत है, न कि केवल राजनीतिक यात्राओं की।

पीके ने कहा, “कांग्रेस वाले मोदी जी को कोसेंगे और मोदी जी राहुल गांधी को, लेकिन असली सवालों पर कोई चर्चा नहीं होती। जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है। इस बार जनता बेवकूफ नहीं बनेगी।”

बिहार में  बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार बड़ी समस्याएं है 

प्रशांत किशोर ने बिहार की समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और टूटी हुई शिक्षा व्यवस्था राज्य की मुख्य चुनौतियां हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार की मांग कर रही है।

पीके ने बताया कि बिहार की जनता ने अब नया विकल्प चुना है, और वह विकल्प है जन सुराज पार्टी। उनका कहना था कि जनता की नज़र अब वास्तविक मुद्दों और विकास पर है, न कि केवल राजनीतिक बयानबाजी पर।

Leave a comment