Columbus

उमा भारती ने दिग्विजय पर साधा निशाना, बोलीं- भगवा आतंकवाद की परिभाषा उन्होंने गढ़ी

उमा भारती ने दिग्विजय पर साधा निशाना, बोलीं- भगवा आतंकवाद की परिभाषा उन्होंने गढ़ी

मालेगांव ब्लास्ट केस में कोर्ट ने साध्वी प्रज्ञा सहित सातों आरोपियों को बरी किया। कोर्ट ने कहा, कोई ठोस सबूत नहीं। उमा भारती और सीएम यादव ने कांग्रेस पर हिंदू आतंकवाद की साजिश रचने का आरोप लगाया।

MP News: मालेगांव बम विस्फोट मामले में मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत सातों आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ कोई ठोस और विश्वसनीय सबूत नहीं मिले, इसलिए उन्हें दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यह फैसला लगभग 17 साल बाद आया है जब 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव में धमाका हुआ था। इस केस को लेकर लंबे समय से 'भगवा आतंकवाद' का राजनीतिक विमर्श खड़ा हुआ था।

क्या था मालेगांव ब्लास्ट केस?

29 सितंबर 2008 को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में एक मस्जिद के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ था। इस धमाके में छह लोगों की जान चली गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। जांच एजेंसियों ने इस मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित को आरोपी बनाया था। केस की जांच पहले महाराष्ट्र ATS ने की थी और बाद में यह एनआईए को सौंप दी गई थी।

अदालत ने क्या कहा?

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि केवल राजनीतिक धारणा या मीडिया ट्रायल के आधार पर किसी को आतंकवादी करार नहीं दिया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि सबूतों के अभाव में आरोपियों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

उमा भारती और मोहन यादव का बयान

फैसले के बाद मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से 'भगवा आतंकवाद' शब्द को गढ़ा था। उन्होंने कहा कि इस विचारधारा के पीछे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह थे और यह सब राहुल गांधी के इशारे पर किया गया था। उन्होंने कहा कि इस झूठे नैरेटिव से साधु-संतों और हिंदू समाज की छवि को वैश्विक स्तर पर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

उमा भारती ने यह भी सवाल उठाया कि अब जब आरोपियों को कोर्ट ने निर्दोष घोषित कर दिया है, तो क्या 'भगवा आतंकवाद' का नैरेटिव गढ़ने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी?

CM मोहन यादव ने साधा निशाना

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "सत्यमेव जयते... यह फैसला कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता पर करारा प्रहार है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि एक हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से सनातनियों से माफ़ी मांगने की अपील की।

रामेश्वर शर्मा ने भी जताई नाराजगी

विधानसभा के पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक रामेश्वर शर्मा ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह साबित हो गया है कि कांग्रेस ने राजनीतिक फायदे के लिए 'हिंदू आतंकवाद' शब्द गढ़ा था। उन्होंने कहा कि यह शब्द इस्लामी आतंकवाद से ध्यान हटाने के लिए इस्तेमाल किया गया था।

Leave a comment