Columbus

AAP नेता सौरभ भारद्वाज का BJP पर गंभीर आरोप, कहा - 'दिल्ली और बिहार में एक ही नेताओं ने डाला वोट?'

AAP नेता सौरभ भारद्वाज का BJP पर गंभीर आरोप, कहा - 'दिल्ली और बिहार में एक ही नेताओं ने डाला वोट?'

बिहार में जारी विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा (BJP) पर बड़ा आरोप लगाया है। AAP का दावा है कि कुछ भाजपा नेता एक ही चुनाव में दो राज्यों में मतदान कर रहे हैं।

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली और बिहार दोनों जगह कुछ BJP नेता मतदान कर रहे हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर खुलासा किया कि फरवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट डालने वाले कुछ BJP नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में भी मतदान किया। उन्होंने इसे 'बड़े पैमाने पर मतदाता धोखाधड़ी' बताते हुए कहा कि इससे लोकतंत्र का मजाक बनाया गया।

सौरभ भारद्वाज ने किस पर लगाया आरोप

AAP नेता ने विशेष रूप से BJP के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा और दिल्ली BJP पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा का नाम लिया। उनका कहना है कि इन नेताओं ने दो राज्यों में मतदान किया। भारद्वाज ने बताया कि चुनाव आयोग के डुप्लिकेट वोटरों को हटाने के बावजूद यह घटना हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दावा किया कि BJP ने संगठित तरीके से वोटरों की पहचान की और उन्हें बिहार भेजा। 

उन्होंने कहा, BJP के करनाल जिला अध्यक्ष स्टेशन पर मौजूद थे, ट्रेन टिकट और यात्रा की व्यवस्था भी बीजेपी ने की। इस वजह से बिहार में वोटिंग 75 साल में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची। सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि यह सुनियोजित योजना निर्वाचन परिणाम अपने पक्ष में मोड़ने के लिए बनाई गई थी। उनका यह भी कहना था कि जनता और लोकतांत्रिक संस्थान इस तरह की गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं कर सकते।

BJP का जवाब

BJP नेताओं ने आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया। सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि उन्होंने दिल्ली की मतदाता सूची से अपना नाम हटवाकर बिहार के बेगूसराय जिले के मानसेरपुर गांव में स्थानांतरित कराया था। उन्होंने AAP पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग संविधान पर विश्वास करने वालों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें ऐसा करने से पहले सौ बार सोचना चाहिए।

संतोष ओझा ने भी जवाब में कहा कि उन्होंने बिहार के बक्सर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने की योजना के तहत अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हार की निराशा में AAP नेता BJP को बदनाम करने के लिए झूठ फैला रहे हैं। BJP ने जोर देकर कहा कि सभी चुनावी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और किसी भी तरह का मतदाता धोखाधड़ी का मामला नहीं है।

 

Leave a comment