Columbus

Bihar Politics News: ओवैसी ने बिहार में उठाया सवाल, 17% मुसलमान क्यों नहीं बन सकते CM?

Bihar Politics News: ओवैसी ने बिहार में उठाया सवाल, 17% मुसलमान क्यों नहीं बन सकते CM?

बिहार चुनाव 2025 में एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने गोपालगंज में सभा में कहा कि तीन फीसदी वाला उपमुख्यमंत्री बन सकता है, तो 17 फीसदी वाला मुसलमान मुख्यमंत्री क्यों नहीं। उन्होंने मोदी, नीतीश और लालू पर भी निशाना साधा।

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उचकागांव में एक चुनावी सभा में बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर तीन फीसदी वाला उपमुख्यमंत्री बन सकता है, तो 17 फीसदी वाला मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन सकता। यह बयान उन्होंने गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी अनस सलाम के समर्थन में वोट मांगते हुए दिया।

सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए और ओवैसी ने अपने भाषण में आरएसएस, मोदी, नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव पर सीधे निशाना साधा।

ओवैसी ने कहा कि आरएसएस के किसी सदस्य ने आजादी की लड़ाई में जेल नहीं काटी और न ही कोई बलिदान दिया। उन्होंने तर्क दिया कि देश को आजाद कराने में संघ की कोई भूमिका नहीं रही। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी कटाक्ष किया। उनके अनुसार इन नेताओं को जनता की चिंता नहीं है।

ओवैसी ने कहा कि नीतीश कुमार केवल राजगीर की, मोदी गुजरात की और लालू प्रसाद यादव अपने बेटे की चिंता करते हैं। उनका संदेश था कि नेताओं की प्राथमिकता सत्ता और व्यक्तिगत हित बन चुकी है।

मुसलमानों के अधिकार और वोट की ताकत

ओवैसी ने सभा में यह भी कहा कि मुसलमान अब किसी के झांसे में नहीं आएंगे। दशकों तक मुसलमानों के वोट का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए किया गया, लेकिन इसके बदले उन्हें उपेक्षा और अनदेखा किया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी और समुदाय को अपना हक खुद लेना होगा।

उन्होंने महागठबंधन और एनडीए दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू का 15 साल का शासन जंगलराज पार्ट-1 था, जबकि वर्तमान एनडीए सरकार जंगलराज पार्ट-2 है। दोनों ने मुसलमानों को वोट बैंक बनाकर सत्ता का सुख भोगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने किसी मुसलमान को टिकट नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री का नारा 'सबका साथ, सबका विकास' केवल दिखावा है।

3% और 17% का तर्क

ओवैसी ने कहा कि महागठबंधन में तीन फीसदी वाला उपमुख्यमंत्री बनने का दावा कर सकता है, लेकिन 17 फीसदी वाला मुसलमान मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन सकता। उनका तर्क था कि समुदाय के वोटों से किसी और को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, तो वे खुद क्यों नहीं बन सकते।

Leave a comment