सावन का महीना शिव भक्ति और दांपत्य सौभाग्य के लिए खास होता है। इस पावन माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष यह पर्व 27 जुलाई 2025 को आ रहा है। हरियाली तीज का व्रत विवाहित महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यदि महिलाएं इस दिन अपनी राशि के अनुसार कुछ खास उपाय करें तो उनके वैवाहिक जीवन में प्रेम, सामंजस्य और स्थायित्व और अधिक मजबूत होता है।
मेष राशि: शनि दोष को शांत करने का उपाय
मेष राशि की महिलाओं के जीवन में इस समय शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव चल रहा है। ऐसे में हरियाली तीज पर शिवलिंग पर गंगाजल में काले तिल मिलाकर चढ़ाएं। ऐसा करने से शनि के कारण आ रही बाधाएं शांत होती हैं और वैवाहिक जीवन में स्थिरता आती है।
वृषभ राशि: संतान और जीवनसाथी की लंबी उम्र के लिए अभिषेक
वृषभ राशि की महिलाओं को इस दिन दूध और दही से भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए। साथ ही किसी मंदिर परिसर में वटवृक्ष का पौधा लगाना शुभ माना जाता है। इस उपाय से संतान सुख और पति की दीर्घायु का योग मजबूत होता है।
मिथुन राशि: सुहागिनों को भेंट और बेलपत्र का पौधा लगाएं
मिथुन राशि की महिलाएं हरियाली तीज पर सुहाग की सामग्री जैसे चूड़ी, सिंदूर, बिंदी आदि किसी सुहागन महिला को भेंट करें। इसके साथ ही घर में बेलपत्र का पौधा लगाना भी शुभ माना गया है। यह उपाय जीवन की कठिनाइयों को दूर करता है।
कर्क राशि: चावल का दान दूर करेगा धन की चिंता
कर्क राशि की महिलाओं को इस दिन शिवलिंग पर एक मुठ्ठी चावल चढ़ाना चाहिए और फिर जरूरतमंदों को चावल का दान करना चाहिए। ऐसा करने से घर की आर्थिक स्थिति में सुधार आता है और धन संबंधी परेशानियां कम होती हैं।
सिंह राशि: गेहूं का अर्पण और पीपल का पौधा लगाएं
सिंह राशि की स्त्रियों को हरियाली तीज पर शिवलिंग पर गेहूं चढ़ाना चाहिए। साथ ही किसी मंदिर परिसर में पीपल का पौधा लगाना भी लाभकारी माना गया है। यह उपाय पति के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए शुभ होता है।
कन्या राशि: धतूरा अर्पित करें और मंत्र जाप करें
कन्या राशि की महिलाएं इस दिन भगवान शिव को धतूरा और उसका फल अर्पित करें। इसके साथ ही शिव के द्वादश नाम मंत्र का जाप करें। यह उपाय करियर, पारिवारिक स्थिति और समाज में प्रतिष्ठा को मजबूत बनाता है।
तुला राशि: गुलाब अर्पण और माता पार्वती को भेंट
तुला राशि की स्त्रियां शिवलिंग पर गुलाब के फूल चढ़ाएं और माता पार्वती को सिंदूर, कंघा, चूड़ी जैसे सुहाग की चीजें भेंट करें। इस प्रकार की भेंट से पारिवारिक रिश्तों में मिठास आती है और प्रेम बढ़ता है।
वृश्चिक राशि: खीर का भोग और कन्या पूजन
वृश्चिक राशि की महिलाएं हरियाली तीज पर शिव को खीर का भोग लगाएं और फिर यह खीर छोटी कन्याओं में वितरित करें। इस उपाय से घर में शांति, सुख और संतुलन बना रहता है।
धनु राशि: शनि दोष निवारण के लिए विशेष दान
धनु राशि पर भी इस समय शनि की ढैय्या चल रही है। ऐसे में इस दिन काली उड़द और पुराने जूते-चप्पल का दान करना लाभकारी माना गया है। इससे पारिवारिक जीवन में आ रही रुकावटें कम होती हैं।
मकर राशि: चींटियों को शक्कर मिला आटा खिलाएं
मकर राशि की महिलाओं को हरियाली तीज पर सुबह उठकर चींटियों को शक्कर मिला आटा डालना चाहिए। यह उपाय पितृदोष को शांत करता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
कुंभ राशि: पंचामृत से अभिषेक और शिव चालीसा का पाठ
कुंभ राशि की स्त्रियां पंचामृत से शिवलिंग का अभिषेक करें और शिव चालीसा का पाठ करें। यह उपाय शनि की साढ़ेसाती के प्रभाव को कम करने में सहायक होता है और घर के बुजुर्गों का स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहता है।
मीन राशि: पार्वती चालीसा का पाठ करें
मीन राशि की महिलाओं को हरियाली तीज के दिन माता पार्वती की पूजा करनी चाहिए और पार्वती चालीसा का पाठ करना चाहिए। यह उपाय वैवाहिक जीवन में तालमेल और सुख की स्थिति को बेहतर बनाता है।