बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जदयू ने 110 नेताओं की दूसरी अभियान समिति सूची जारी की। पार्टी में बगावत करने वाले 16 नेताओं को निष्कासित किया गया। सूची में सभी विधानसभा क्षेत्रों के जिम्मेदार पदाधिकारी शामिल हैं।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जदयू (JD(U)) ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। रविवार को पार्टी ने अपनी दूसरी अभियान समिति (Campaign Committee) की सूची जारी की, जिसमें 110 नेताओं और पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। यह सूची पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्देशानुसार बनाई गई है। पहली सूची में 90 लोगों को शामिल किया गया था। इस बार की सूची में मुख्य रूप से सभी विधानसभा क्षेत्रों के जिम्मेदार पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें कई नाम ऐसे हैं जिन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा था।
बागी नेताओं पर कार्रवाई

चुनावी अभियान को सशक्त बनाने के साथ ही जदयू ने पार्टी में बगावत करने वाले नेताओं पर भी कड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा चुनाव से पहले एक मौजूदा विधायक और दो पूर्व मंत्रियों समेत कुल 16 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है। इनमें से अधिकांश नेता एनडीए (NDA) के उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में उतर रहे थे।

निष्कासित नेताओं में भागलपुर जिले के गोपालपुर से मौजूदा विधायक नरेंद्र नीरज उर्फ गोपाल मंडल शामिल हैं। वे अक्सर विवादों में रहते हैं और हाल ही में पटना के सीएम आवास के सामने धरना दे चुके हैं। मंडल को पार्टी ने उम्मीदवार सूची से हटाने का फैसला किया था।
पूर्व एमएलसी संजीव श्याम सिंह, जो गया जिले की गुरुआ विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, और पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, जो कटिहार से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, भी निष्कासित किए गए।

मुजफ्फरपुर के नेताओं की बागबादी और निष्कासन
मुजफ्फरपुर के गायघाट से पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव और उनके समर्थक प्रभात किरण को भी पार्टी से निकाल दिया गया। दोनों ने नए उम्मीदवार कोमल सिंह के चयन पर असंतोष जताया था। कोमल सिंह जदयू का टिकट पाने वाले नए चेहरे हैं, जिनके पिता पार्टी के एमएलसी और मां केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद हैं।
इसके पहले, पार्टी ने पूर्व मंत्री शैलेश कुमार समेत 11 नेताओं को निष्कासित किया था। ये नेता मुंगेर के जमालपुर से 2020 में दूसरे स्थान पर रहे थे और जदयू के उम्मीदवार नचिकेता मंडल के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे। नचिकेता मंडल पूर्व सांसद ब्रह्मानंद मंडल के पुत्र हैं।
इसके अलावा, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, सुदर्शन कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद और रणविजय सिंह को भी पार्टी से निष्कासित किया गया।












