Columbus

क्रिकेटर यश दयाल होंगे गिरफ्तार? राजस्थान हाईकोर्ट ने जमानत याचिका पर रोक से किया इनकार

क्रिकेटर यश दयाल होंगे गिरफ्तार? राजस्थान हाईकोर्ट ने जमानत याचिका पर रोक से किया इनकार

राजस्थान उच्च न्यायालय ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल को बड़ी राहत देने से इनकार कर दिया है। उन पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का गंभीर आरोप है। 

Yash Dayal RCB: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज़ गेंदबाज यश दयाल की कानूनी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। राजस्थान हाईकोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

न्यायमूर्ति सुदेश बंसल की एकल पीठ ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 22 अगस्त 2025 तय की है और केस डायरी तलब की है। अदालत का यह रुख यश दयाल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें अंतरिम राहत मिलने की उम्मीद थी।

क्या है मामला?

जयपुर के सांगानेर थाना क्षेत्र में दर्ज FIR के अनुसार, पीड़िता की उम्र घटना के समय 17 वर्ष थी। उसका आरोप है कि करीब दो साल पहले यश दयाल ने क्रिकेट में करियर बनवाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का दावा है कि वह यश के संपर्क में क्रिकेट गतिविधियों के दौरान आई थी। इसके अतिरिक्त, यह भी आरोप लगाया गया है कि IPL 2025 के दौरान जयपुर के एक होटल में यश ने दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य धाराओं के तहत दर्ज किया है।

क्या कहा यश दयाल के वकील ने?

यश दयाल की ओर से पेश वकील कुणाल जैमन ने अदालत में दलील दी कि यह मामला एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले गाजियाबाद में भी एक युवती ने यश पर इसी तरह के आरोप लगाए थे, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उस मामले में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। जैमन ने आरोप लगाया कि यह एक संगठित गिरोह की करतूत है, जो मशहूर हस्तियों को झूठे मुकदमों में फंसाकर ब्लैकमेल करता है। उन्होंने अदालत से अपील की कि गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए, लेकिन अदालत ने यह मांग ठुकरा दी।

सांगानेर थाना अधिकारी अनिल कुमार के अनुसार, पीड़िता ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जा रही है और अब तक जो साक्ष्य मिले हैं, वे प्रथम दृष्टया गंभीर प्रतीत होते हैं। पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए इसमें विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है जब यश दयाल विवादों में घिरे हैं। दो साल पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित रूप से मुस्लिम विरोधी स्टोरी शेयर की थी, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी कि वह पोस्ट उन्होंने स्वयं नहीं की थी और किसी ने उनके अकाउंट से वह स्टोरी शेयर कर दी थी।

Leave a comment