Columbus

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने पोते को गिफ्ट की भारत की पहली Tesla Model Y कार

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने पोते को गिफ्ट की भारत की पहली Tesla Model Y कार

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने देश की पहली Tesla Model Y कार खरीदी है। उन्होंने यह इलेक्ट्रिक कार पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ अपने पोते को गिफ्ट की। सरनाइक ने मुंबई स्थित टेस्ला एक्सपीरिएंस सेंटर से इस गाड़ी की डिलीवरी ली और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें साझा कीं।

Pratap Sarnaik Buys Tesla Model Y: महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता प्रताप सरनाइक ने शुक्रवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित टेस्ला एक्सपीरिएंस सेंटर से देश की पहली Tesla Model Y कार की डिलीवरी ली। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री होने के नाते पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना जरूरी है, इसलिए यह गाड़ी खरीदी। खास बात यह है कि सरनाइक ने यह कार अपने पोते को गिफ्ट करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

परिवहन मंत्री ने कहा– जिम्मेदारी निभाते हुए खरीदी Tesla

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने हाल ही में टेस्ला कार खरीदी है। उन्होंने कहा कि यह गाड़ी उन्होंने अपने पोते को गिफ्ट की है, लेकिन इसका मुख्य मकसद लोगों को इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने के लिए प्रेरित करना है। सरनाइक का कहना है कि आने वाले 10 सालों में राज्य को पूरी तरह EV पर शिफ्ट करना सरकार का संकल्प है और यह कदम उसी दिशा में एक संदेश है।

मंत्री ने कहा कि गाड़ी खरीदना कोई बड़ी बात नहीं, बल्कि यह पर्यावरण बचाने की सोच और जिम्मेदारी का हिस्सा है। उनके अनुसार, जब राज्य का ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ईवी लेता है तो यह आम लोगों के लिए भी बड़ा संदेश बन जाता है।

ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सरकार का रुख

सरनाइक ने दावा किया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि अटल सेतु जैसे टोल नाकों पर ईवी वाहनों के लिए छूट दी गई है, ताकि लोगों को और सहूलियत मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र और खासकर मुंबई में पर्यावरण को लगातार नुकसान हो रहा है। ऐसे समय में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का बढ़ना शहर के लिए राहत और टिकाऊ विकल्प है।

5150 इलेक्ट्रिक बसें खरीदीं, जनता को हो रहा फायदा

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने जानकारी दी कि राज्य के लिए 5150 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी गई हैं। इनमें से 480 बसें पहले से ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट में चल रही हैं और लोग इनका लाभ उठा रहे हैं।

सरनाइक ने उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में मुंबई की भारी बारिश में जहां कई गाड़ियां बंद हो गई थीं, वहीं इलेक्ट्रिक बसें और वाहन सुचारू रूप से चलते रहे। इस वजह से लोग अब ईवी की अहमियत और लाभ को समझने लगे हैं।

खुद को बताया खुशनसीब

सरनाइक ने कहा कि वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि टेस्ला की पहली डिलीवरी महाराष्ट्र में परिवहन मंत्री को दी गई। उन्होंने इसे अपने जीवन का खास पल बताया और कहा कि यह सिर्फ कार नहीं, बल्कि राज्य के लिए एक नई दिशा का प्रतीक है।

मंत्री ने यह भी दोहराया कि आने वाले समय में ईवी को लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित किया जाएगा, ताकि गांव-खेड़े से लेकर बड़े शहरों तक हर नागरिक को इलेक्ट्रिक वाहनों की सुविधा आसानी से मिल सके।

Leave a comment