पिकनिक पर जा रहे दो दोस्त गिरे रेलवे ट्रैक पर, पैर फ्रैक्चर: लोको पायलट ने समय पर लगाया ब्रेक

पिकनिक पर जा रहे दो दोस्त गिरे रेलवे ट्रैक पर, पैर फ्रैक्चर: लोको पायलट ने समय पर लगाया ब्रेक
AI IMAGE

बालोद के दल्लीराजहरा क्षेत्र में बाइक सवार दो युवक रेलवे अंडरब्रिज से नीचे गिर गए। दोनों के पैर टूटे। लोको पायलट ने ट्रेन रोककर जान बचाई। घायलों को अस्पताल रेफर किया गया है।

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 31 दिसंबर की सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज से बाइक सवार दो युवक अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। अंडरब्रिज की ऊंचाई करीब 40 फीट बताई जा रही है। 

हादसे के बाद एक युवक सीधे रेलवे पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा। गिरने की वजह से दोनों युवकों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। हादसा इतना खतरनाक था कि अगर थोड़ी सी भी देर होती, तो दोनों की जान जा सकती थी।

मालगाड़ी के लोको पायलट ने दिखाई सूझबूझ

इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी आ रही थी। ट्रेन के लोको पायलट योगेश देशमुख ने दूर से पटरी पर कुछ असामान्य देखा। पहले उन्हें लगा कि शायद कोई जानवर ट्रैक पर बैठा है। जैसे ही ट्रेन नजदीक पहुंची, उन्हें अंदेशा हुआ कि कोई व्यक्ति पटरी पर आ गया है।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोको पायलट ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए और ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रुकते ही वे नीचे उतरे और ट्रैक की ओर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक युवक रेलवे पटरी के बीच दर्द से कराह रहा है, जबकि कुछ दूरी पर दूसरी ओर से मदद की आवाजें आ रही थीं।

उठा दो प्लीज, मम्मी को फोन करना है

लोको पायलट जब घायल युवक के पास पहुंचे, तो वह लगातार मदद की गुहार लगा रहा था। युवक कह रहा था, 'प्लीज उठा दो, मेरे दोनों पैर टूट गए हैं। बाहर निकाल दो, मम्मी को फोन करना है।' उसी समय पता चला कि दूसरा युवक पास की नाली में पानी के भीतर गिरा हुआ है। वह उल्टी हालत में पड़ा था और उसकी पीठ पर बैग लटका हुआ था। ठंड और दर्द के कारण दोनों की हालत काफी खराब हो रही थी।

लोको पायलट ने तुरंत 112 पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी और रेलवे के अन्य कर्मचारियों को भी बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ऊपर निकाला गया।

पिकनिक मनाने जा रहे थे युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई पावर हाउस क्षेत्र के रहने वाले चार युवक दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे वे कुसुमकसा के पास पहुंचे थे। इसी दौरान जम्ही रेलवे अंडरब्रिज पर तेज रफ्तार और मोड़ के कारण एक बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार नीचे गिर पड़े। दूसरी बाइक पर सवार युवक आगे निकल चुके थे, जिन्हें बाद में हादसे की जानकारी मिली।

फिलहाल घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। दोनों को पहले बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

ठंड और मोड़ बना हादसे की वजह

दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि हादसे के समय सुबह कड़ाके की ठंड थी। युवक लंबी दूरी बाइक से तय कर रहे थे। ठंड के कारण हाथ-पैर सुन्न हो जाने से अंडरब्रिज के मोड़ पर वे बाइक को समय रहते नियंत्रित नहीं कर पाए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने में सुरक्षित रख लिया है। 

परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और ठंड के मौसम में लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

Leave a comment