दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों मूसलाधार बारिश ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है। कहीं सड़कें जलमग्न हैं, तो कहीं भारी जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है।
Weather Update: जुलाई के दूसरे सप्ताह में मानसून ने पूरे भारत में रफ्तार पकड़ ली है। देश के कई राज्यों में मूसलधार बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है और अगले तीन दिनों तक यह बारिश जनजीवन को प्रभावित करने वाली है। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं 11 जुलाई को देश के विभिन्न हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम।
उत्तर प्रदेश में तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के मथुरा, आगरा, इटावा, जालौन, महोबा, मैनपुरी, औरैया, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र जिलों में 11 जुलाई से अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां के निवासियों को बिजली गिरने और जलभराव से सतर्क रहने को कहा है। बारिश से किसानों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन शहरी इलाकों में ट्रैफिक और जलजमाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
बिहार में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार में इस साल मानसून की चाल धीमी रही है, लेकिन 11 जुलाई से इसमें सुधार आने की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चंपारण, सिवान, गोपालगंज, गया, मुंगेर, भागलपुर और नवादा समेत कई जिलों में भारी बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट
पर्वतीय राज्यों में बारिश का असर काफी खतरनाक रूप ले सकता है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़क बंद, नदी नालों में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है। 11 से 16 जुलाई तक यहां भारी वर्षा के आसार हैं। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आपातकालीन राहत दलों को सतर्क कर दिया है।
राजस्थान और हरियाणा में भी होगी झमाझम बारिश
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 11 से 14 जुलाई के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी 11 और 16 जुलाई को तेज बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इससे खेतों में बुआई का कार्य तेज होगा, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव से सतर्क रहने की जरूरत है।
मध्य भारत: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में मेघ मेहरबान
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में 11 से 14 जुलाई तक जोरदार बारिश होगी। इससे किसानों को फायदा होगा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों को नुकसान हो सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बादल बरसने को तैयार हैं। असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में 11 से 16 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना है। वहीं कोंकण, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।